महराजगंज में 20 केंद्रों पर होगी TET परीक्षा, एग्जाम में शामिल होंगे 37814 अभ्यर्थी

 उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर दो से चार जुलाई तक कड़ी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। तीन दिनों में कुल पांच पालियों में होने वाली परीक्षा में 37,814 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो और तीन जुलाई को दो-दो पालियों में तथा चार जुलाई को एक पाली में परीक्षा आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक होगी।

पहले दिन दोनों पालियों में 7,823-7,823, दूसरे दिन दोनों पालियों में 7,824-7,824 तथा अंतिम दिन एक पाली में 6,520 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज (ब्लाक ए एवं बी), शिव जपत सिंह जनता इंटर कॉलेज भिटौली, भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक बाजार में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

इसके अलावा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज, गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज, पंचायत इंटर कॉलेज महराजगंज, अभिनव विद्या मंदिर उदितपुर फरेंदा, महराजगंज इंटर कॉलेज, डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघली, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज फरेंदा, सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज फरेंदा में परीक्षा दे सकेंगे।

वहीं, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज फरेंदा, महामाया आईटी पॉलिटेक्निक महराजगंज, राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा, आजाद उच्च माध्यमिक विद्यालय रुनुवा, मोतीराम द्विवेदी जनता इंटर कॉलेज फरेंदा, राजकीय पालिटेक्निक पुरैना तथा एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघली बाजार को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *