Bokaro Pension News: चार माह से नहीं मिली वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन, हजारों लाभुक परेशान

1951 Shares

Bokaro Pension Delay राज्य सरकार द्वारा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय लोगों को संबल प्रदान करने के लिए वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के पेंशनभोगियों को समय पर पेंशन का भुगतान नहीं हो पा रहा है।

चार माह से सर्वजन पेंशन प्राप्त करने वाले परेशान है। इस वजह से इन आश्रित लोगों के सामने दैनिक खर्चों और दवाओं तक के लिए गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। बताया जाता है कि तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर जिले के सभी प्रखंडों ने लाभुकों का सत्यापन कार्य समय पर पूरा कर लिया गया था ।

सभी प्रखंडों ने जून के प्रथम सप्ताह में ही रिपोर्ट जमा कर दिया परंतु चंदनकियारी प्रखंड ने बुधवार तक सत्यापन का काम पूरा नहीं किया था। एक प्रखंड की सुस्ती की वजह से जिले भर के कुल 2 लाख 48 हजार 407 पेंशनभोगियों को पेंशन की राशि जारी नहीं की जा सकी है, जिससे पूरे जिले का भुगतान अधर में लटक गया है। अब जबकि रिपोर्ट आई है तो जिला प्रशासन दावा कर रहा है कि भुगतान जल्द हो जाएगा। यही स्थिति कमोवेश पूरे राज्य की है। कहीं-कहीं कुछ भुगतान हुआ भी है।

पेंशन नहीं मिलने से परेशान है वृद्ध व विधवा

पेंशन की राशि न मिलने से इन मजबूर और लाचार बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों का दर्द अब छलकने लगा है। समाज के इस सबसे संवेदनशील वर्ग के लिए यह पेंशन ही जीने का एकमात्र सहारा होती है, जिससे वे अपनी दवाइयां, राशन और अन्य अत्यंत आवश्यक जरूरतें पूरी करते हैं।

कई महीनों से बैंक और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे बुजुर्गों का कहना है कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अधिकारियों की सुस्ती के कारण उन तक नहीं पहुंच पा रहा है। खाली जेब और टूटती उम्मीदों के बीच इन पेंशनभोगियों का जीवनयापन करना दूभर हो गया है । बुजूर्ग प्रत्येक बैंक पहुंच रहे हैं और लोगों से पूछ रहे हैं कि पेंशन कब आएगा।

झारखंड के जिलों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन (केंद्रीय कोटा — राज्य कोटा — कुल योग)

1. बोकारो — 42,473 — 2,05,934 — 2,48,407

2. चतरा — 37,870 — 1,13,929 — 1,51,799

3. देवघर — 43,498 — 2,05,248 — 2,48,746

4. धनबाद — 68,257 — 2,03,374 — 2,71,631

5. दुमका — 50,088 — 1,74,393 — 2,24,481

6. गढ़वा — 66,270 — 1,45,101 — 2,11,371

7. गिरिडीह — 73,222 — 2,87,214 — 3,60,436

8. गोड्डा — 59,033 — 1,64,392 — 2,23,425

9. गुमला — 28,328 — 1,33,443 — 1,61,771

10. हजारीबाग — 47,009 — 1,96,564 — 2,43,573

11. जामताड़ा — 37,049 — 1,05,114 — 1,42,163

12. खूंटी — 22,005 — 46,310 — 68,315

13. कोडरमा — 27,457 — 79,525 — 1,06,982

14. लातेहार — 34,323 — 71,587 — 1,05,910

15. लोहरदगा — 10,469 — 62,245 — 72,714

16. पाकुड़ — 26,599 — 1,18,695 — 1,45,294

17. पलामू — 82,404 — 2,31,330 — 3,13,734

18. पूर्वी सिंहभूम — 44,748 — 2,48,609 — 2,93,357

19. रामगढ़ — 17,258 — 1,05,496 — 1,22,754

20. रांची — 55,763 — 2,55,021 — 3,10,784

21. साहिबगंज — 39,665 — 1,66,133 — 2,05,798

22. सरायकेला-खरसावां — 43,649 — 1,00,543 — 1,44,192

23. सिमडेगा — 25,591 — 71,755 — 97,346

24. पश्चिमी सिंहभूम — 31,733 — 1,34,262 — 1,65,995

कुल योग — 10,14,761 — 36,26,217 — 46,40,978

मइंया सम्मान का भुगतान हो चुका है । सर्वजन पेंशन का भुगतान के लिए काम चल रहा है। चंदनकियारी की रिपोर्ट भी आ चुकी है। अगले तीन से चार दिनों में सर्वजन पेंशन धारकों का पैसा उनके खाते में चला जाएगा।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *