सुपौल में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ठंडी हवाओं से मिली बड़ी राहत

8.6kViews
1432 Shares

 पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को सोमवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की झमाझम बारिश होती रही।

इसके साथ चल रही ठंडी हवाओं ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया। सुबह से ही सूरज की तपिश कम रहने के कारण लोगों ने राहत महसूस की। हल्की बारिश और ठंडी हवा के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस का असर भी काफी कम हो गया।

पिछले कई दिनों से गर्मी के कारण घरों में कैद रहने को मजबूर लोग सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए। मौसम सुहावना होने का असर शहर के बाजारों में भी देखने को मिला। शाम तक बाजारों में अच्छी-खासी चहल-पहल रही।

लोग खरीदारी के लिए घरों से निकले, जिससे बाजारों में रौनक लौट आई। सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही अधिक रही। दिनभर आसमान में बादलों का डेरा बना रहा। बीच-बीच में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने से वातावरण में ठंडक बनी रही।

संध्या तक मौसम सुहाना बना रहा, जिससे लोगों ने गर्मी और उमस से राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया था। सोमवार को मौसम में आए बदलाव ने लोगों को काफी राहत दी।

मौसम के इस बदले हुए मिजाज से किसानों के चेहरे पर भी खुशी देखी गई, क्योंकि हल्की बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है। हालांकि लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह मेहरबान रहेगा, ताकि भीषण गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *