हाथरस पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’: 25 हजार के इनामी बदमाश शानू से मुठभेड़, दोनों पैर में लगी गोली
कैलाश ढाबे के पास हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपित को एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपित शानू के दोनों पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
25 हजार के इनामिया बदमाश शानू से मुठभेड़
पुलिस के अनुसार थाना हाथरस गेट क्षेत्र के कैलाश ढाबे के सामने छोटू राणा और शानू के गुटों के बीच फायरिंग हुई थी। इस संबंध में थाना हाथरस गेट पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने छह आरोपितों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर चार टीमों का गठन किया था।
मुखबिर से मिली सूचना के बाद कार्रवाई
गठित टीमों ने ग्राउंड और टेक्निकल इंटेलीजेंस के आधार पर दबिश दी। इससे पहले घटना में शामिल 25 हजार के इनामिया मोना ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग का आरोपित शानू निवासी गंगचौली अलीगढ़-आगरा हाईवे से अपने गांव गंगचौली जा रहा है।
एसओजी और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
इस पर एसओजी प्रभारी धीरज गौतम, प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना और थाना प्रभारी ललित शर्मा के नेतृत्व में टीमों ने दयानतपुर नहर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर शानू ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों पैर में लगी पुलिस की गोली
घायल आरोपित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तमंचा कारतूस औरा बिना नंबर बाइक बरामद की है। शानू के खिलाफ मारपीट, एससी,एसटी एक्ट समेत कोतवाली सदर और हाथरस गेट में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

