अब घर बैठे बनेगा पासपोर्ट, लखीसराय जिला मुख्यालय में 21 जुलाई से लगेगा स्पेशल कैंप

1590 Shares

विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बिहार पटना द्वारा 21 से 23 जुलाई 2026 तक लखीसराय समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जाएगा।

यह पहल प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विजन पर आधारित है, जिससे जिला वासियों को बिना किसी परेशानी के आसानी से पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलेगी।

पिछले साल पूर्व डीएम मिथिलेश मिश्र के प्रयास से जिला स्थापना दिवस के मौके पर तीन दिनों का विशेष कैंप लगाया गया था। पासपोर्ट सेवा केंद्र मुंगेर में होने के कारण लखीसराय के लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे उन्हें परेशानी होती थी।

इसको देखते हुए पासपोर्ट कार्यालय पटना ने दूसरी बार लखीसराय में मोबाइल वैन शिविर लगाने का निर्णय लिया है। इस विशेष कैंप में 21 से 23 जुलाई तक कुल 165 आवेदकों को सेवा दी जाएगी। प्रतिदिन 55 अभ्यर्थियों के आवेदनों का सत्यापन कर स्वीकृति दी जाएगी।

21 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पासपोर्ट कार्यालय पटना की क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वाधा रिजवी उद्घाटन करेंगी। अप्रैल 2024 से अब तक पटना पासपोर्ट कार्यालय द्वारा यह 19वां मोबाइल वैन शिविर होगा, जिसके जरिए बिहार में अब तक 2500 से ज्यादा पासपोर्ट आवेदन प्रोसेस किए जा चुके हैं।

पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक लोग http://www.passportindia.gov.in पर जाकर पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लखीसराय स्थान चुनकर अपनी नियुक्ति बुक कर सकते हैं। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे एक जुलाई 2026 से लागू संशोधित पासपोर्ट शुल्क के अनुसार फीस जमा करें और सभी दस्तावेज डीजी लाकर से अपलोड करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *