जिले में कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन करने का समय समाप्त हो गया है। अब आवेदनों की वेरिफिकेशन का कार्य चल रहा है। उच्च शिक्षा विभाग की केंद्रीय ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में दाखिले को लेकर छात्राओं में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है।
महाविद्यालय के विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। कई लोकप्रिय कोर्स ऐसे हैं जिनमें उपलब्ध सीटों से कहीं अधिक आवेदन आए हैं, जिससे इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है। वहीं 10 जुलाई को लिस्ट लगेगी। महाविद्यालय में बीए (एडेड) की 400 सीटों के मुकाबले 742 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो कुल सीटों का 185 प्रतिशत है। वहीं बीकाम (सेल्फ फाइनेंस) की 180 सीटों पर 252 आवेदन (140 प्रतिशत) आए हैं। तकनीकी और विज्ञान विषयों में भी छात्राओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
अब तक इस तरह से आवेदन आए हैं
बैचलर आफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) की 60 सीटों के लिए 127 आवेदन (211 प्रतिशत) प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा बीएससी लाइफ साइंस में देखने को मिली, जहां 60 सीटों पर 167 आवेदन (278 प्रतिशत) आए हैं।
इसके अलावा बीएससी फिजिकल साइंस की 240 सीटों के लिए 175 आवेदन (72 प्रतिशत), बीए सेल्फ फाइनेंस की 160 सीटों पर 104 आवेदन (65 प्रतिशत) तथा बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन की 60 सीटों पर 19 आवेदन (31 प्रतिशत) प्राप्त हुए हैं।शाम के पाठ्यक्रमों में अपेक्षाकृत कम रुचि देखने को मिली। बीए इवनिंग की 240 सीटों पर 18 आवेदन (7 प्रतिशत) तथा बीकॉम इवनिंग की 160 सीटों के लिए 24 आवेदन (15 प्रतिशत) प्राप्त हुए हैं।
कॉलेज में चल रही दाखिले की प्रक्रिया: आरती गर्ग
प्राचार्या आरती गर्ग ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। छात्राओं का विभिन्न पाठ्यक्रमों, विशेषकर विज्ञान, कंप्यूटर और वाणिज्य विषयों के प्रति बढ़ता रुझान उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि जिन छात्राओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और अपने सभी दस्तावेज सही ढंग से अपलोड करें, ताकि प्रवेश के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


