नशेड़ियों और शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने निकली आबकारी विभाग की टीम पर बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। अपराधियों ने विभाग की स्कॉर्पियो पर फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वाहन के शीशे को चीरती हुई निकली गोली
घटना मंगलवार देर शाम अक्तियारपुर पुल के पास हुई। फायरिंग के दौरान गोली स्कॉर्पियो के दाहिने गेट का शीशा तोड़ते हुए बाएं गेट के शीशे से बाहर निकल गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार जवान प्रिंस मिश्रा बाल-बाल बच गए।
पांच नशेड़ियों को पकड़कर लौट रही थी टीम
आबकारी अधिकारी वैद्यनाथ यादव ने बताया कि टीम तीन अलग-अलग वाहनों से छापेमारी पर निकली थी। महाराजगंज मुसहरी में कार्रवाई के दौरान पांच नशेड़ियों को पकड़कर स्कॉर्पियो से आबकारी थाना पालीगंज लाया जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने हमला कर दिया।
फायरिंग के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
उत्पाद अधीक्षक अभय मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला नशे के कारोबारियों ने किया या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।


