बोकारो जनरल अस्पताल में अनुबंध पर होगी चिकित्सकों की नियुक्ति, SAIL के सेवानिवृत्त डॉक्टरों को मिलेगी प्राथमिकता

1332 Shares

SAIL प्रबंधन बोकारो जनरल अस्पताल में कुल 9 चिकित्सकों को अनुबंध पर बहाल करने जा रही है। इनमें हड्डी रोग विभाग में दो तथा शिशु रोग एवं एनेस्थीसिया विभाग में एक-एक विशेषज्ञ चिकित्सक का चयन किया जाएगा। जबकि जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पद पर कुल पांच चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।

पद की अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों का साक्षात्कार आगामी 16 जुलाई 2026 को बीजीएच के ईडी मेडिकल सम्मेलन कक्ष में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। सेल के अस्पताल से सेवानिवृत हुए चिकित्सकों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

बोकारो जनरल अस्पताल में प्रतिमाह चिकित्सकों की सेवानिवृति के चलते इसका प्रतिकूल प्रभाव स्वास्थ्य सेवाओं पर हो रहा है। इसके समाधान के लिए प्रबंधन यहां लगातार अनुबंध पर चिकित्सकों के नियुक्ति पर जोर दे रही है। इसी क्रम में यहां रेडियोलॉजी विभाग में डा. रवि रंजन की नियुक्ति एक साल के लिए अनुबंध पर कर दी गई है।

जहां उन्हें प्रति मरीज के अल्ट्रा साउंड जांच करने के बदले चार सौ रुपये का भुगतान कंपनी प्रबंधन करेगी। हालांकि बीजीएच के रेडियोलॉजी विभाग में चिकित्सक के दो पद के लिए उम्मीदवारों का साक्षात्कार 20 जून 2026 को हुआ था। जहां इस पद के लिए एक मात्र उम्मीदवार डा. रवि रंजन ही साक्षात्कार में शामिल हुए थे। इसका परिणाम आज जारी कर दिया गया है।

अनुबंध पर बहाल होने वाले उम्मीदवारों की पात्रता

बोकारो जनरल अस्पताल में अनुबंध पर बहाल होने वाले चिकित्सकों को मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थान से एमबीबीएस के साथ पीजी डिप्लोमा व पीजी डिग्री अनिवार्य की गई है। इनमें जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पद पर बहाल होने वाले चिकित्सक को प्रतिमाह 90 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।

जबकि हड्डी रोग, शिशु रोग तथा एनेस्थीसिया विभाग में एमबीबीएस के साथ पीजी डिप्लोमा डिग्री धारक को 1 लाख 20 हजार रुपये तथा एमबीबीएस के साथ पीजी डिग्री वाले उम्मीदवार को 1 लाख 60 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।

इसके अलावा उन्हें रहने के लिए कंपनी का आवास, मोबाइल फोन तथा निशुल्क उपचार की सुविधा भी दी जाएगी। उम्मीदवारों की आयु 69 वर्ष से ज्यादा नही होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *