पंजाब में महिला ने की अपने तीन बच्चों की हत्या; मोहाली से मेले में घुमाने का कह घर से निकली मां, नहर में दिया धक्का

पंजाब में एक महिला ने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी। पति की मौत के गम से जूझ रही मोहाली के मटौर की रहने वाली महिला अपने तीनों बच्चों को मेले में घुमाने का बहाना बनाकर घर से निकली। कुछ घंटों बाद सूचना मिली कि बच्चों को रोपड़ नहर में धक्का दे दिया गया।

दो बच्चों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। महिला पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच चल रही है। आरोपित महिला की पहचान गांव मटौर निवासी शकुंतला के रूप में हुई है ।

महिला की सास लाल कौर ने बताया कि सोमवार सुबह उनकी बहू शकुंतला तीनों बच्चों को यह कहकर घर से ले गई थी कि वह उन्हें मेले में घुमाने ले जा रही है। उसने यह भी कहा था कि बच्चों को थार गाड़ी का खिलौना (थार गाड़ी खिलाना) दिलाकर लाएगी।

परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद सूचना मिली कि शकुंतला ने अपने तीनों बच्चों को रोपड़ नहर में धक्का दे दिया। इस घटना में दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल का अभियान जारी है।

लाल कौर ने बताया कि करीब 10 महीने पहले शकुंतला के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह गहरे सदमे में रहने लगी थी। उसने पहले भी पति की मौत के दुख में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया था।

आटोपित महिला की पड़ोसन लालवती ने बताया कि घटना के समय घर के बड़े सदस्य काम पर गए हुए थे। किसी को इस बात का अंदेशा नहीं था कि बच्चों को घुमाने के बहाने निकली महिला ऐसा कदम उठा लेगी।

मटौर थाना के एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि एक महिला ने अपने तीन बच्चों को रोपड़ नहर में धक्का दे दिया है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दो बच्चों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश जारी है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *