अपनी मां के साथ अवैध संबंधों के शक में 26 वर्षीय पड़ोसी किरायेदार विशाल की हत्या करने वाले दो नाबालिग चचेरे भाइयों को पकड़ लिया है। उनसे हुई प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वारदात को अंजाम देने में मुख्यारोपित के दो चाचा भी शामिल थे।
इनमें एक सगा और परिवार का एक अन्य चाचा भी शामिल थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। दोनों नाबालिगों को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें करनाल स्थित बाल सुधार गृह में भेज दिया गया।
शनिवार को जठेड़ी गांव में किराये पर रहने वाले मेरठ के खन्दावली गांव के मूल निवासी 26 वर्षीय विशाल की पीट-पीटकर हुई हत्या के मामले में मृतक के पिता शिवकुमार ने जठेड़ी एक युवक और कई अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी।
उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि जिस वक्त वारदात को अंजाम दिया जा रहा था तब आरोपितों ने उसे मोबाइल फोन पर विशाल की चीखें भी सुनवाई थीं।
दोनों नाबालिग हिरासत में लिए गए
पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही थीं। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल दोनों नाबालिगों को सोमवार देर शाम अभिरक्षा में ले लिया।
नाबालिग के स्वजन को इस संबंध में सूचित करने के बाद पुलिस उनकी उपस्थिति में दोनों से पूछताछ की गई। मामले के जांच अधिकारी पीएसआई राहुल ने बताया कि नाबालिग आरोपित महिला का बेटा व उसका एक नाबालिग दोस्त है।
दोनों से पूछताछ में पता चला है कि वारदात में मुख्यारोपित का सगा चाचा सोमबीर और परिवार से चाचा सुनील भी वारदात में शामिल थे।
हत्या की मूल वजह यही सामने आ रही है कि किरायेदार विशाल और मुख्यारोपित की मां दर्शना के संबंधों की चर्चा पड़ोस व गांव में भी होने लगी थी। इसी के चलते विशाल के पिता ने उसका कमरा बदलवा दिया था और दर्शना रूठकर घर से चली गई थी।
परिवार की बेइज्जती से नाराज नाबालिग बेटे ने उठाया खौफनाक कदम
इस मामले में पंचायत भी हो चुकी थी और पुलिस तक भी मामला पहुंचा था। परिवार की हो रही बेइज्जती से आक्रोशित महिला के नाबालिग बेटे ने स्वजन के साथ मिलकर विशाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।
जांच अधिकारी ने बताया कि सोमबीर और सुनील को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। नाबालिगों को वारदात स्थल पर ले जाकर तस्दीक भी करवाई गई है।
हत्या में इस्तेमाल दोनों बिट्टे वारदात वाली रात मौके पर ही मिल गए थे। इस मामले में जिस महिला दर्शना का नाम जुड़ा हुआ है उसे भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।


