जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के तरियानी सिरहा टोला में सोमवार को घरेलू रसोई गैस सिलिंडर फटने से लगी आग में जहां छह लोगों का घर समेत सर्वस्व जल कर राख हो गया। वहीं आग की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है।
बताया गया है कि सोमवार की सुबह तकरीबन 11 बजे खाना बनाने के दौरान एक घर में एलपीजी सिलिंडर फट गया। इसके बाद आग की लपटें आसपास के घरों में फैलने लगी। इसके बाद कोहराम मच गया। दर्जनभर लोग आग की लपटों में घिर गए।
चार दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची
ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास के बाद जैसे-तैसे लोगों को बाहर निकाला। इनमें चार लोग झुलस चुके थे। जिन्हें सदर अस्पताल भेजा गया है। इधर, सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें चार दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंच आग बुझाने में जुट गई। तब तक छह घर जल चुके थे। हालांकि अग्निशमन विभाग की टीम ने आसपास के घरों को जलने से बचा लिया।
घटना की सूचना के बाद शिवहर एसडीओ अविनाश कुणाल, एसडीपीओ अनुशील कुमार, तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रणजीत गुप्ता, सीओ राेहित कुमार सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर स्थितियों का जायजा ले रही है।
घर सहित सब कुछ जलकर राख
अगलगी की इस घटना में सिरहा टोला निवासी उमेश दास, प्रेम दास, संतोष दास, बिंदा दास, पवन दास व सिंकदर दास का अन्न्, वस्त्र, उपस्कर, बर्तन, नकदी, आभूषण, महत्वपूर्ण कागजात व घर सहित सर्वस्व जल कर राख हो गया है। इनमें से किसी के पास भी कुछ नहीं बचा है।


