सोनभद्र में बाइक सवार युवक पर तेंदुए का हमला, कई जगह काटकर किया घायल

 रायपुर थाना क्षेत्र के साड़सोत गांव में रविवार की रात तेंदुआ के हमले से 18 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार खरवार घायल हो गया। तेंदुए ने युवक को जकड़ लिया था। हमला कर तेंदुआ भाग गया। घायल का उपचार वैनी सीएचसी में कराया गया। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।

मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई है। चंदौली जनपद की सीमा से सटा रायपुर थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत सिकरवार का साड़सोत गांव घना वन क्षेत्र है। उसी गांव का निवासी धर्मेंद्र कुमार खरवार अपने एक साथी के साथ बाइक से बगल के गांव गोटीबांध किसी कार्य से गया था।

बाइक पर साथ बैठा युवक भागकर गांव में पहुंचा, ग्रामीणों को दी जानकारी

रविवार की शाम जब वह घर लौट रहा था, उसी दौरान साड़सोत छलका से आगे और प्राथमिक विद्यालय के पीछे चलती हुई बाइक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में पीछे बैठा युवक भाग कर आसपास के लोगों काे बुलाने चला गया। जबकि बाइक चला रहे युवक धर्मेंद्र को तेंदुए ने अपने आगोश में लेकर हमला कर दिया।

दिलेरी दिखाते हुए तेंदुए से भिड़ गया युवक

युवक भी दिलेरी का परिचय देते हुए तेंदुए से भिड़ गया और अपने हाथ से उसके गर्दन को कसकर पकड़े रखा। फिर भी तेंदुए ने उसके हाथ पैर और पीछे के प्राइवेट पार्ट में काट लिया। इसके बाद लोगों के चिल्लाने से तेंदुआ भाग गया। युवक पर हमले से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग को दी तेंदुआ की जानकारी

ग्रामीणों का कहना है कि अभी भी तेंदुआ आवाज कर रहा है। लोग घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। पूरे घटना की जानकारी चंदौली के नौगढ़ वन क्षेत्र के क्षेत्रीय दरोगा राजकुमार को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *