हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला पुलिस थाना चंबा में तीन तलाक व विवाहिता के उत्पीड़न पर पति व सास के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। तीन तलाक का मामला चंबा में पहली बार सामने आया है। इससे पहले शिमला, मंडी व बिलासपुर जिले में ऐसे मामले सामने आए थे।
पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके पति और सास के खिलाफ कानूनन प्रतिबंधित तीन तलाक देने, प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
5 वर्ष पहले हुआ था निकाह
पीड़ित महिला का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व रुस्तम नामक युवक के साथ हुआ था। शादी से उनके दो बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उसके साथ क्रूरता बढ़ती चली गई।
विवाद बढ़ने पर बोल दिया तीन बार तलाक
कुछ दिन पहले मामूली विवाद बढ़ने पर आरोपित पति ने पीड़िता को तीन तलाक दे दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
क्या कहते हैं एचपी चंबा
जिला चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत मिलने के बाद महिला पुलिस थाना चंबा में आरोपित पति रुस्तम और सास मनीरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 351(2) और 352 के साथ-साथ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा चार के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।


