रविवार सुबह कुछ देर हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, कुछ ही देर बाद धूप निकल आई।
इसके बाद पूरे दिन आसमान में कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। मौसम के इस बदलते मिजाज के बावजूद उमस कम नहीं हुई और लोग गर्मी से परेशान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक जिले में हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 1 जुलाई से अच्छी और तेज वर्षा होने का अनुमान है। यदि पूर्वानुमान सही रहा तो लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।
सुबह बूंदाबांदी ने दी राहत, लेकिन धूप ने फिर बढ़ा दी उमस
रविवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की बूंदाबांदी के बाद मौसम में ठंडक जरूर महसूस हुई, लेकिन धूप निकलते ही उमस बढ़ गई। दिनभर लोग बारिश की आस लगाए रहे।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि तेज बारिश होने से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी, वहीं शहरवासियों को भी गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। फिलहाल लोगों की निगाहें एक जुलाई से संभावित झमाझम बारिश पर टिकी हैं।


