नगर के बोह पट्टी मोहल्ले में पिछले करीब 20 दिनों से पेयजल संकट गहराने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लावासियों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही, जिसके चलते लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।
गर्मी के मौसम में पानी की कमी ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया है। बबीता, रामकली, सुखविंद्र, पूजा, नेहा व अन्य मोहल्ला निवासियों ने बताया कि पिछले लगभग 20 दिनों से उनके क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं पहुंची है।
इसके कारण उन्हें पीने के पानी के लिए दूसरे मोहल्लों और सार्वजनिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की समस्या केवल पीने तक सीमित नहीं है, बल्कि घरों में खाना बनाने, कपड़े धोने, सफाई तथा अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
मोहल्ले के पशुपालकों ने भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना चुनौती बन गया है। उन्हें पशुओं को पानी पिलाने के लिए भी दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पशुओं को पर्याप्त पानी न मिलने से उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
निवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए तथा क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो लोगों को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
समस्या का जल्द किया जाएगा समाधान: ऋषिपाल
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी ऋषिपाल ने बताया कि उन्हें बोह पट्टी मोहल्ले में पानी की समस्या की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा नगर के सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की जा रही है। यदि किसी विशेष मोहल्ले में पानी की सप्लाई बाधित है तो इस समस्या को जल्द ही दूर किया जाएगा।


