चलती ट्रेन में आधी रात गूंजी किलकारी: गीता जयंती एक्सप्रेस में गर्भवती ने दिया बच्चे को जन्म; ग्वालियर स्टेशन पर मिली चिकित्सा सहायता

1104 Shares

 कुरुक्षेत्र-खजुराहो के बीच चलने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में सफर कर रही एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में ही बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसव की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने से पहले ही मेडिकल टीम और संबंधित रेलवे अमले को अलर्ट कर दिया गया।

पति के साथ सफर कर रही थी महिला
ट्रेन क्रमांक 11842 गीता जयंती एक्सप्रेस के एस-2 कोच में टीकमगढ़ जिले की रहने वाली कविता अपने पति और अन्य स्वजन के साथ यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान अचानक उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजनों और यात्रियों की मदद के बीच चलती ट्रेन में ही उन्होंने बच्चे को जन्म दिया।

झांसी मंडल से मिली प्रसव की सूचना

प्रसव की सूचना झांसी मंडल के सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से ग्वालियर रेलवे स्टेशन को मिली। इसके बाद रेलवे ने तत्काल चिकित्सा दल को तैयार किया। रात करीब 12:35 बजे ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पहुंचते ही उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ठाकुर, आरक्षक धुजीराम मीणा, आन ड्यूटी उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य अवधेश सक्सेना, रेलवे चिकित्सक और स्टाफ ओपी मीणा एस-2 कोच में पहुंच गए।

बर्थ पर प्रसूता-नवजात की चिकित्सा जांच

रेलवे डॉक्टर ने महिला और नवजात की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकीय परीक्षण में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सामान्य पाए गए। रेलवे की ओर से जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

जांच के बाद महिला और उसके स्वजन ने ग्वालियर स्टेशन पर उतरकर उपचार कराने से लिखित रूप से इनकार कर दिया। दोनों की स्थिति सामान्य होने के बाद रेलवे टीम ने उन्हें आवश्यक सहयोग दिया। इसके बाद गीता जयंती एक्सप्रेस करीब 12:40 बजे ग्वालियर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *