नोएडा एक्सप्रेसवे की लाइफलाइन बनेगी 45 मीटर चौड़ी सड़क, एयरपोर्ट के लिए भी मिलेगी वैकल्पिक कनेक्टिविटी

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर सेक्टर-163 से 167 तक प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। सड़क के अलाइनमेंट में आने वाली निजी जमीनों का विवरण तैयार किया गया है।

45 मीटर रोड पर तीन गांव की 710 मीटर का विवाद

अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आइडीसी) ने इसे एक्शन प्लान में शामिल किया है। 45 मीटर सड़क को पूरा करने के लिए नोएडा शाहदरा, मोहियापुर, झट्टा इन तीनों गांव की करीब 710.90 मीटर बाधा बनी है। यह जमीन अनर्जित है। हाइकोर्ट में मामला विचाराधीन है।

अधिग्रहण बाद एक्सप्रेसवे की बाधा होगी दूर

इस परियोजना से जुड़ा मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित है। 24 जुलाई 2025 को दिए गए आदेश में कहा गया था कि याचिकाकर्ता सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कर सकता है। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जा सकता। प्राधिकरण का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत पूरी की जाएगी।

नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात के भार के मद्देनजर सर्विस लेन और सेक्टर रोड को प्लान-बी कारिडोर के रूप में तैयार करना जरूरी है। डीएनडी, चिल्ला, कालिंदी कुंज और आंतरिक सड़कों से बढ़ते वाल्यूम, और एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद आने वाला अतिरिक्त दबाव इन सबके चलते समानांतर मार्ग की आवश्यकता और अधिक अहम हो गई है।

ये एक्सप्रेसवे की लाइफ लाइन बनेगी। इन रुकावटों की वजह से सेक्टर 150, 151, 152, 153, 155, 163, 167, 135 और 168 के निवासी इस सड़क का एंडटूएंड इस्तेमाल नहीं कर पाते और मजबूरी में एक्सप्रेसवे पर चढ़ते हैं, जिससे यातायात का दबाव बढ़ता है। लगातार किसानों से बातचीत की जा रही है। जल्द जमीन को लिया जाएगा, ताकि इसे एक्सप्रेसवे के डायवर्जन मार्ग के रूप में तैयार किया जा सके।

एयरपोर्ट के लिए बनेगी वैकल्पिक कनेक्टिविटी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यह 45 मीटर चौड़ी समानांतर सड़क सेक्टर-146, 163 और 167 समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक मार्ग का काम करेगी और एयरपोर्ट तक पहुंच को आसान बनाएगी।

इन गांवों की इतनी जमीन बन रही बाधा

गांव / स्थान प्रभावित सड़क की लंबाई विवरण
शाहदरा (सेक्टर-167 के सामने) 74.20 मीटर सड़क निजी जमीन से प्रभावित है
मोहियापुर तीन स्थानों पर कुल 172.70 मीटर लंबाई में बाधा है
हैरिटेज स्कूल के सामने 75 मीटर
मोहियापुर के सामने 81.50 मीटर
सेक्टर-163 के सामने 16.20 मीटर
झट्टा दो स्थानों पर कुल 464 मीटर लंबाई में सड़क निर्माण अटका हुआ है
गांव झट्टा के सामने 230 मीटर
सेक्टर-146 मेट्रो स्टेशन के नीचे 234 मीटर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *