गुरुग्राम के लेपर्ड ट्रेल की पहाड़ियों में मिला महिला का सड़ा-गला शव, इलाके में मची सनसनी

1175 Shares

बादशाहपुर थाना क्षेत्र में लेपर्ड ट्रेल से 400 मीटर दूर पहाड़ियों के ऊपर रविवार सुबह एक महिला का शव पाया गया है। यह डिकंपोज होने की स्थिति में है।

आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को पहाड़ियों में फेंक दिया गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। थाना पुलिस, एफएसएल और सीन आफ क्राइम टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है।

बादशाहपुर थाना पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे गैरतपुर बांस गांव के कुछ लोग पहाड़ियों की तरफ गए थे। वहां उन्हें बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।

इसके बाद टीमें पहुंची और जांच शुरू की। महिला की उम्र 28 से 30 साल के बीच है। फिलहाल शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव डिकंपोज हो चुका है और यह करीब चार से पांच दिन पुराना बताया गया। महिला ने टी-शर्ट, लोवर और दुपट्टा पहन रखा था।

आशंका है कि महिला किसी के साथ लेपर्ड ट्रेल में घूमने के लिए आई और इसके बाद यहां उसके साथ किसी तरह की वारदात हुई। थाना पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की जानकारी सामने आ आएगी।

पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। लेपर्ड ट्रेल में सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *