यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। एत्मादपुर क्षेत्र की छलेसर चौकी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार आगे चल रही बस में पीछे से जा घुसी।
हादसे में एक वर्षीय बच्ची समेत नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, जौनपुर निवासी श्रद्धालु कार से वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर छलेसर चौकी क्षेत्र में कार चालक को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही बस में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को झपकी आना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।


