कार के स्टीयरिंग के भीतर छिपाया था 264 ग्राम चिट्टा, हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई; आरोपी गिरफ्तार

7.7kViews
1347 Shares

नूरपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर प्रहार किया है। सीआइए टीम नूरपुर ने मीलवां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कार में सवार व्यक्ति को 264.6 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि उलेहड़ियां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के समीप नियमित जांच के दौरान सूचना मिली थी कि पंजाब का तस्कर कार में भारी मात्रा में चिट्टा छिपाकर मीलवां क्षेत्र में सप्लाई देने पहुंचा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान सफेद रंग की होंडा अमेज कार के स्टीयरिंग काउल कवर के अंदर छिपाकर रखा पालीथीन का पैकेट बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर यह पदार्थ चिट्टा पाया गया और इसका वजन 264.6 ग्राम निकला। बरामद मात्रा एनडीपीएस अधिनियम के तहत व्यावसायिक श्रेणी में आती है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान जितेंद्र सिंह निवासी भर्टवाल, डाकघर रियाली कलां तहसील बटाला जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपित के तार पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

आरोपित के खिलाफ पहले से विभिन्न राज्यों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद चिट्टा और होंडा अमेज कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *