पीलीभीत में बवाल: 300 करोड़ के प्रोजेक्ट दफ्तर में घुसकर मैनेजर को पीटा, CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी

अमरिया तहसील क्षेत्र में विकसित हो रहे भरा पचपेड़ा पार्क को डेवलप करने वाली कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को कुछ लोगों ने कार्यालय में घुसकर पीट दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। प्रोजेक्ट मैनेजर ने आरोपितों के विरुद्ध मारपीट करने की शिकायत की गई।

पुलिस ने अज्ञात में प्राथमिकी पंजीकृत करने के साथ ही तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जिले के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और उद्योगों को विकसित करने के लिए जिले में भरा पचपेड़ा औद्योगिक पार्क विकसित किया जा रहा है।

यूपीसीडा की ओर से तैयार होने वाले इस पार्क को उद्योगों के लिए तैयार किया जा रहा है। इस पार्क को डेवलप करने का कार्य चेन्नई की आरपीपी फर्म को दिया गया। यह प्रोजेक्ट करीब 300 करोड़ रुपये का है, जिसको विकसित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दोपहर एक बजे के करीब तीन गाड़ियों से 10 से 12 लोग आए।

पहले तो वे लाेग आफिस में कुछ देर के लिए खड़े रहे। एक कर्मचारी के कमरे में चले गए। इसके बाद दो लोग डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार के कक्ष में गए और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार सिंह को बहाने से बुलाया और फिर उनके साथ भी मारपीट की।

गोरखपुर के निवासी आरपीपी ग्रुप के प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार सिंह ने यूपीसीडा से जुड़े से अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को भी अवगत कराया। यूपीसीडा के अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद थाना पुलिस हरकत में आई।

थाना पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की। पुलिस ने पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज निकाली, जिसके आधार पर तीन लोगों को रात तक गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस मामले में आरोपितों से पूछताछ कर रही है। मामला लेनदेन का बताया जा रहा है, लेकिन जांच में स्पष्ट हो जाएगा कि पूरा प्रकरण क्या था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *