अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शासक ही हत्यारे बन गए हैं। घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया। वहीं, इंडिया ब्लॉक के कई सदस्यों ने इस हमले की निंदा की।
इंडिया ब्लॉक ने की कड़ी निंदा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को बेहद निंदनीय बताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कड़ी निंदा की।
अखिलेश ने पुलिस की अनुपस्थिति को ‘बड़े षड्यंत्र का संकेत’ बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने हिंसा की निंदा करते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की।
आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी हिंसा की निंदा करते हुए बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अभिषेक बनर्जी को मिली एक्स श्रेणी की सुरक्षा
अभिषेक को राज्य पुलिस द्वारा एक्स श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। सूत्रों के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दी गई है।
पहले की ममता सरकार के दौरान अभिषेक को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद उनकी सुरक्षा हटा दी गई थी।
अब नई व्यवस्था के तहत उनके साथ हर समय तीन सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। राज्य पुलिस ने सुरक्षा आकलन के आधार पर यह फैसला लिया है।
ये है पूरा मामला
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी को शनिवार को दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में भारी जनविरोध का सामना करना पड़ा। रास्ते भर ‘चोर-चोर’ और ‘गो बैक’ के नारों के बीच उनका काफिला घिर गया।
प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे और जूते-चप्पल फेंके, धक्का-मुक्की की, इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए। हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि अपनी सुरक्षा के लिए अभिषेक को सिर पर क्रिकेट खेलने वाला हेलमेट पहनना पड़ा।
रास्ते में कई जगह महिलाओं ने उन्हें काले झंडे भी दिखाए, जिसके कारण उन्हें अपनी चार पहिया गाड़ी छोड़कर पीड़ितों से मिलने के लिए मोटरसाइकिल का सहारा लेना पड़ा।
सोनारपुर से लौटने के बाद अभिषेक को पहले कोलकाता के ईएम बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मिन्टो पार्क स्थित दूसरे अस्पताल ले जाया गया। ममता ने पुलिस और राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि उनके दबाव में अभिषेक को अस्पताल में भर्ती नहीं लिया गया।


