ब्यास डेरा प्रमुख से मिले नए BJP प्रदेशाध्यक्ष केवल ढिल्लों; निकाय चुनावों को लेकर सत्ता पक्ष को घेरा

 पंजाब में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों के परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि निकाय चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नहीं कराए गए, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भाजपा ने कई क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है और आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी बड़ी ताकत बनकर उभरेगी। जालंधर में मीडिया से बातचीत के दौरान निकाय चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान कई स्थानों पर गंभीर गड़बड़ियां देखने को मिलीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र मनमाने ढंग से खारिज किए गए, मतदाताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आईं और कई स्थानों पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास किए गए।

दावा- कई वीडियो मिलीं, जिनमें अनियमितताएं दिखीं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि विभिन्न क्षेत्रों से ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिनमें कथित तौर पर दबाव की राजनीति और चुनावी अनियमितताओं के दृश्य दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की स्वतंत्र भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है, लेकिन निकाय चुनावों में इस भावना को ठेस पहुंची है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि तमाम चुनौतियों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भाजपा ने कई निकायों में मजबूत प्रदर्शन किया है। उनके अनुसार पार्टी अनेक वार्डों और क्षेत्रों में दूसरे तथा तीसरे स्थान पर रही है, जो भविष्य में संगठन के विस्तार का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम भाजपा के लिए उत्साहवर्धक हैं और कार्यकर्ताओं के मनोबल को मजबूत करने वाले हैं।

ब्यास डेरे भी पहुंचे केवल ढिल्लों

इससे पहले पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार भेंट भी की। इस दौरान उन्होंने पंजाब की खुशहाली, विकास और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया तथा राज्य के बेहतर भविष्य को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, भाईचारा और विकास की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

निकाय चुनावों को लेकर भाजपा के इन आरोपों के बाद पंजाब की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है। वहीं केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी पंजाब की राजनीति में सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति बनकर उभरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *