न कोचिंग, न कोई VIP साधन; सिर्फ सेल्फ स्टडी के दम पर बिहार पुलिस में सिपाही बनीं 2 सहेलियां

कौंरा पंचायत की दो बेटियों ने अपने अथक परिश्रम और लगन के बल पर बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयनित होकर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

खास बात यह है कि दोनों अभ्यर्थियों ने बिना किसी कोचिंग के स्वअध्ययन के दम पर यह सफलता हासिल की है। कौंरा पंचायत के वार्ड संख्या-08 निवासी किसान परिवार की पुत्री खुशी कुमारी का चयन बिहार पुलिस के सिपाही पद पर जिला बल मोतिहारी के लिए हुआ है।

खुशी कुमारी के पिता प्रदुमन सिंह तथा माता रिंकू देवी हैं। वहीं वार्ड संख्या-07 निवासी अलका कुमारी का चयन जिला बल जमुई के लिए हुआ है।

गांव में खुशी का माहौल

अलका के पिता मनोज कुमार सिंह एवं माता सुलालती देवी हैं। दोनों सहेलियों की सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों छात्राओं ने मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

सफलता की खबर मिलते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। राजद के प्रदेश महासचिव मनोज सिंह, पूर्व मुखिया चंदेश्वर सिंह उर्फ लेदु सिंह, रमेश सिंह, प्रमोद सिंह, देवेंद्र प्रसाद सिंह, सुरेंद्र सिंह, महेश सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने दोनों बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्रामीणों ने कहा कि किसान परिवार की बेटियों की यह उपलब्धि साबित करती है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और मजबूत इरादों के सामने संसाधनों की कमी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *