केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन और अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन विंडो शुक्रवार 29 मई से खोल दी है। जिन छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई कॉपी प्राप्त कर ली है, वे अब आधिकारिक सीबीएसई पोर्टल के जरिये री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस वर्ष सीबीएसई ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए पहली बार पूरी तरह डिजिटल री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया शुरू की है। आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास और कुछ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के तकनीकी सहयोग से यह नई व्यवस्था संचालित की जा रही है।
इन तारीखों को कर लें नोट
- उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करना: 20–25 मई 2026
- अंकों का सत्यापन: 26 मई 2026
- री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया: 29 मई 2026 (आज से शुरू)
आवेदन कैसे करें
छात्र अपने पुराने क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके आधिकारिक सीबीएसई पोर्टल पर लॉगिन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए लिंक जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर सक्रिय हो जाएगा।
इनके लिए करें आवेदन
- अंकों का सत्यापन
- उत्तरों का पुनर्मूल्यांकन
- सत्यापन और री-इवैल्यूएशन दोनों
हर आवेदन की फीस है अलग
- उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी: 100 रुपये प्रति विषय (स्टेज 1)
- अंकों का सत्यापन: 100 रुपये प्रति विषय (स्टेज 2)
- री-इवैल्यूएशन: 25 रुपये प्रति प्रश्न (स्टेज 3)
इन बातों का रखें ख्याल
- री-इवैल्यूएशन केवल उन विषयों में ही संभव है जिनकी स्कैन कॉपी पहले प्राप्त की गई हो।
- छात्र केवल विशिष्ट प्रश्नों का चयन करके री-इवैल्यूएशन करवा सकते हैं। अनचयनित उत्तरों की दोबारा जांच नहीं होगी।
- री-इवैल्यूएशन के बाद अंक बढ़ या घट सकते हैं।
- री-इवैल्यूएशन के बाद जो अंतिम अंक होंगे, वे ही अंतिम माने जाएंगे।
बता दें कि अभी तक लगभग 4 लाख छात्रों ने करीब 11 लाख स्कैन उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त कर ली हैं। बोर्ड ने डिजिटल प्रक्रिया में किसी भी विसंगति को पूरी जवाबदेही के साथ दूर करने का आश्वासन दिया है।


