UP B.Ed JEE 2026: परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाएं ये 3 चीजें, वरना नहीं मिलेगी एंट्री

5.0kViews
1983 Shares

उप्र संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 आगामी 31 मई को होगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रहेगी। विश्वविद्यालय के क्षेत्र में आने वाले मेरठ समेत सभी छह जिलों में 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इनमें पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा के लिए मेरठ समेत छह जिलों में कुल 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 30,453 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा के लिए मेरठ में 13, गाजियाबाद 22, हापुड़ चार, बागपत चार, गौतमबुद्धनगर 17 व बुलंदशहर में कुल छह परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सीसीएसयू क्षेत्र में आने वाले छह जिलों में सबसे अधिक केंद्र एवं परीक्षार्थी गाजियाबाद जिले में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के मामले में मेरठ जिला दूसरे स्थान पर है।

केंद्रों पर कड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रहेगी। दो केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट व प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक परीक्षा के दौरान सुनिश्चित की जाएगी।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के नोडल कोआर्डिनेटर प्रो. राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि परीक्षा में प्रत्येक सवाल के दो अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर कुल अंक 2 का एक तिहाई भाग काट जाएगा। अनुत्तरित प्रश्न पर कोई अंक प्रदान नहीं किया जाएगा।

परीक्षा में यह लेकर आना होगा

वहीं, परीक्षा के लिए अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र, उसकी एक फोटोयुक्त प्रति व फोटो लेकर आना होगा। बिना इनके प्रवेश परीक्षा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थी से प्रवेश पत्र की एक फोटोयुक्त प्रति प्रथम पाली में (जिसमें अभ्यर्थी वही फोटो लगाएंगे, जोकि आनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड की है) यह अनिवार्य रूप से जमा कराएंगे।

परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 29 मई को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में डीएम डा. वीके सिंह की अध्यक्षता में बैठक रखी गई है। बैठक में बीएड प्रवेश परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी व विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह को बीएड प्रवेश परीक्षा का नोडल अधिकारी तैनात किया गया है। जबकि समन्वयी अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार को तैनात किया गया है। यह दोनों अधिकारी परीक्षा पर पैनी नजर रखेंगे।

किस जिले में कितने अभ्यर्थी

  • बागपत 1656
  • बुलंदशहर 2930
  • गौतमबुद्ध्रनगर 7190
  • गाजियाबाद 10,882
  • हापुड़ 1452
  • मेरठ 6343

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *