प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव इटली पहुंच गए हैं। इस दौरान रोम में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। दो बड़े नेताओं की ये मुलाकात खास रही।
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने खुद पीएम मोदी को रोम की सबसे मशहूर ऐतिहासिक जगह कोलोसियम घुमाया। दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया और कार में सफर भी। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “रोम में उतरने के बाद, मुझे प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ रात्रिभोज पर मिलने का अवसर मिला, जिसके बाद मैंने मशहूर कोलोसियम का दौरा किया। हमने कई विषयों पर अपने विचार साझा किए। आज होने वाली हमारी बातचीत का मुझे बेसब्री से इंतजार है, जिसमें हम भारत-इटली की दोस्ती को और मजबूत बनाने के विषय पर अपनी चर्चा जारी रखेंगे।”
मेलोनी ने क्या कहा?
जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोम पहुंचने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “वेलकम टू रोम, माय फ्रेंड!”
पहले भी वायरल हुईं मोदी-मेलोनी की तस्वीरें
यह पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरी हों। इससे पहले साल 2023 में दुबई में हुए COP28 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी की ‘Good friends at COP28’ वाली सेल्फी काफी वायरल हुई थी।
वहीं, साल 2024 में इटली के अपुलिया में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान ‘मेलोडी टीम की तरफ से हैलो’ वीडियो ने भी दुनियाभर में चर्चा बटोरी थी।
दोनों नेताओं की यह आठवीं मुलाकात
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, साल 2023 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच यह आठवीं मुलाकात है। मार्च 2023 में मेलोनी की भारत यात्रा और जी-20 शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी ने दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती दी थी।
अब इस दौरे के जरिए दोनों नेता “संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29” के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही रक्षा सहयोग, आतंकवाद की फंडिंग रोकने और नए क्षेत्रों में साझेदारी के रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा।


