हापुड़: व्यापार के लिए दिए 5 लाख वापस मांगे तो युवक को मिली हत्या की धमकी, जातिसूचक गालियां भी दीं

 व्यापार के लिए दिए पांच लाख रुपये वापस मांगने पर हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले के युवक को आरोपितों ने हत्या की धमकी दी। आरोप है कि आरोपितों ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गली गलौज भी की। मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मोहल्ला अतरपुरा के अरुण बैनीवाल ने बताया कि उसके चचेरे भाई ने एक अप्रैल 2023 को फर्नीचर कारोबार के विस्तार के लिए मेरठ गेट के रहने वाले दयाल फर्नीचर के संचालक आकाश गर्ग और पवन गर्ग को पांच लाख रुपये दिए थे।

आरोप है कि रुपये वापस करने के लिए लिखित स्टांप भी तैयार किया गया था। मगर, तय समय गुजरने के बाद भी आरोपित रुपये वापस नहीं कर सके। छह मई 2026 को उसका चचेरा भाई रुपयों का तकादा करने के लिए उसे आरोपितों की दुकान पर पहुंचा।

आरोपियों ने जातिसूचक शब्द से किया अपमानित

रुपयों की मांग करने पर पवन गर्ग और आकाश आग बबूला हो गए। आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया।

विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने तथा भविष्य में भुगत लेने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान पटेल नगर के मनोज अग्रवाल मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। मामले की शिकायत क्षेत्राधिकारी सिटी और नगर कोतवाली पुलिस से की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि आरोपित पवन गर्ग और आकाश के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *