भागलपुर के मानिक सरकार चौक से बूढ़ानाथ रोड तक सड़क पर सोमवार को खतरनाक स्थिति पैदा हो गई। नगर निगम के खटारा ट्रैक्टर से गिरा इंजन ऑयल (मोबिल) सड़क पर फैल गया, जिससे दर्जन भर से अधिक मोटरसाइकिल चालक दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना में कई लोगों के हाथ-पैर व सिर में चोटें आईं, जबकि कुछ की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि यह ट्रैक्टर पिछले दो वर्ष से निगम के मानिक सरकार स्थित गोदाम में खराब अवस्था में रखा था। मरम्मत के लिए इसे गैराज भेजा जाना था, लेकिन ट्रैक्टर के इंजन से लगातार मोबिल सड़क पर गिर रहा था। सोमवार को जब ट्रैक्टर गोदाम से मंसूरगंज चौक की ओर निकला, तो सड़क पर गिरते ही तेल फैल गया और मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हुए।
सड़क पर फिसलन, मोटरसाइकिल सवारों की चोटें
दर्जन भर लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। किसी के पैर में चोट लगी, किसी के सिर में चोटें आईं। आसपास के लोग और घायल मोटरसाइकिल चालक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश में लगे। लेकिन ट्रैक्टर चालक ने स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज करते हुए कहा, “देखकर चलना था। हम इसे गैराज लेकर जा रहे थे।”
इस जवाब से लोगों का गुस्सा बढ़ गया। घायल मोटरसाइकिल चालकों ने नगर निगम कार्यालय का रुख किया और स्वच्छता पदाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। साथ ही, नगर आयुक्त को आवेदन देकर मुआवजा की मांग भी की। स्वास्थ्य शाखा प्रभारी आदित्य जायसवाल ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिसलकर घायल युवक की शिकायत
इस मामले को लेकर पीड़ित नवीन कुमार ने नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि बूढ़ानाथ रोड से गुजरते समय सड़क पर फैले तेल के कारण उनका वाहन फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।
नवीन कुमार ने आरोप लगाया कि सड़क पर तेल गिरने के बाद भी उसे साफ नहीं किया गया, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रही। उन्होंने नगर निगम से संबंधित वाहन चालक और जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मुआवजे और भविष्य की सुरक्षा की मांग
पीड़ितों ने नगर निगम से यह भी आग्रह किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर लापरवाही आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
नगर निगम से उम्मीद जताई जा रही है कि वह सड़कों की निगरानी, वाहन रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था को और सख्त करेगा। ताकि किसी भी अनहोनी से पहले ही उसे रोका जा सके और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निगम का जवाब
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर के इंजन से तेल गिरने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। भविष्य में ऐसे खतरनाक हालात को रोकने के लिए ट्रैक्टरों की नियमित मरम्मत, तेल की रोकथाम और सड़क पर निगरानी को और सख्त किया जाएगा।


