यमुनापार में औद्योगिक क्षेत्र थाना के ब्योहरा गांव में आठ वर्षीय बालिका को उसके चचेरे बाबा ने सोमवार रात पीटकर मार डाला। धारदार हथियार से उसके गर्दन पर वार भी किया। उसके शव को भूसे वाले कमरे में छिपा दिया।
चचेरे बाबा समेत चार गिरफ्तार
बालिका के गायब होने की जानकारी घरवालों ने पुलिस को दी तो थाना प्रभारी कमलेश पटेल ने छानबीन शुरू की। हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस ने मृतका के चचेरे बाबा समेत चार को गिरफ्तार किया है।
भूसे वाले कमरे में बरामद हुआ मासूम का शव
बालिका के चचेरे बाबा के घर पुलिस पहुंची तो भूसे वाले कमरे से शव बरामद हो गया। मृतका के चचेरे बाबा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही उसके परिवार के तीन और लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है।
घर के बाहर खेलते समय गायब हो गई बालिका
ब्योहरा गांव निवासी सुनील कुमार राजमिस्त्री है। उसके चाचा मन्नीलाल भी राजमिस्त्री का काम करता है। दोनों की घर की दूरी एक दूसरे से करीब 20 मीटर है। सोमवार शाम सुनील कुमार की आठ वर्षीय पुत्री जाह्नवी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक वह गायब हो गई। घरवालों ने उसकी खोजबीन की और जब वह नहीं मिली तो औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।
सिर समेत पूरे शरीर पर चोट के निशान थे
खबर मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और आसपास के घरों में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस जब मन्नी लाल के घर में पहुंची तो भूसे वाले कमरे में बालिका की लाश मिली। सिर समेत पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था।
आरोपित, उसकी पत्नी व दो बेटे गिरफ्तार
थाना प्रभारी कमलेश पटेल का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर मन्नी लाल ने बालिका की हत्या की है। मृतका के पिता की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मन्नी लाल, उसकी पत्नी और दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है।


