रोडवेज बस के परिचालक ने यात्री को चलती बस से धक्का दे दिया। घायल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ हापुड़ डिपो की अफजलगढ़ जाने वाली रोडवेज बस में सवार हुआ था।
परिचालक ने उमरी में स्टापेज नहीं होने की बात कहकर धामपुर के टिकट बना दिए और उमरी में बस रोकने से मना कर दिया था। पुलिस ने परिचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
रोडवेज बस के परिचालक ने यात्री को चलती बस से दिया धक्का
35 वर्षीय अवनीश कुमार रविवार शाम पत्नी ममता और बेटी माही व शिवांगी के साथ गांव जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुए थे। परिचालक ने धामपुर के टिकट बनाए और उमरी में बस रोकने से मना कर दिया। करीब सात बजे उमरी पहुंचने पर युवक ने परिचालक से बस रुकवाने के लिए कहा। इस पर दोनों की बहस हो गई। परिचालक ने बस रुकवाकर दोनों बेटी और पत्नी को उतार दिया और इसके बाद बस चलवा दी।
बस में युवक के साथ सवार थी पत्नी और दो बेटियां
आरोप है कि परिचालक ने युवक को उतरते समय चलती बस से धक्का दे दिया। गिरने से अवनीश के सिर में गंभीर चोट लगी। स्वजन घायल को सीएचसी ले गए। यहां से एम्स, ऋषिकेश ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। स्वजन रात में ही एंबुलेंस में शव लेकर थाने पहुंचे और परिचालक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
एसओ परवेज कुमार ने ममता की तहरीर के आधार पर परिचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। बस परिचालक फईम अहमद ने अविनाश को बस से धक्का देने से इन्कार किया है। परिचालक ने बताया कि यात्री नशे में होने की वजह से स्वयं ही बस से नीचे गिरकर घायल हुआ था।


