आपदा से निपटने की तैयारी, मानसा में 4 से 16 मई तक NDRF का विशेष अभियान; मॉक ड्रिल से परखी जाएगी मुस्तैदी

कुदरती या गैर-कुदरती आफत के संभावित खतरे से निपटने और जिले की तैयारी को मजबूत करने के मकसद से एनडीआरएफ बठिंडा की 7वीं बटालियन की 26 सदस्य टीम 4 से 16 मई तक जिले में माक ड्रिल और जागरूकता मुहिम चलाएगी।

जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में एनडीआरएफ और सरकारी विभागों के साथ मीटिंग दौरान डीसी नवजोत कौर ने बताया कि जिले भर में एनडीआरएफ टीम की ओर से विभिन्न स्थानों पर माक ड्रिल और जागरूकता प्रोग्राम चलाए जाएगे।

जिसके लिए समूह उप मंडल मजिस्ट्रेट और संबंधित विभागों को हिदायत की गई कि वे इस अभ्यास दौरान एनडीआरएफ टीम को पूर्ण सहयोग दे। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति दौरान सरकारी एजेंसियों, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और फायर बिग्रेड के बीच तालमेल को बेहतर बनाकर बचाव कार्यो की गति को तेज करना है।

स्थितियों का जायजा लेगी एनडीआरएफ सब टीम

एनडीआरएफ सब टीम के सब इंस्पेक्टर धर्माशु यादव ने कहा कि टीम जमीनी स्तर पर जिले की अलग-अलग तथ्यों और स्थितियों का जायजा लेगी और स्कूल-कालेज में स्टूडेंट्स को सुरक्षा के टिप्स सिखाने के लिए खास प्रोग्राम बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों को प्राकृतिक आपदा से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा इमरजेंसी के हालात में तुरंत और असरदार एक्शन लेने के लिए विशेष योजना बंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह तैयारी बाढ़, भूकंप, गर्मी और बहुत ज्यादा गर्मी, सूखे के हालात जैसी प्राकृतिक आपदा और आग लगने या इंडस्ट्रियल एक्सीडेंट जैसी गैर प्राकृतिक आपदा पर फोकस करेगी।

इसमें लोगों को सुरक्षित रखने और घायलों को तुरंत मेडिकल मदद देने की प्रैक्टिस की जाएगी ताकि भविष्य में किसी भी चुनौती का प्रोफेशनल तरीके से सामना किया जा सके। मीटिंग के दौरान एडीसी अनुप्रिता जोहल,एसडीएम मानसा बलजीत कौर,एसडीएम बुढलाडा गगनदीप सिंह,एसडीएम हरजिंदर सिंह जस्सल,एसपी प्रदीप सिंह संधू के अलावा दूसरे विभागों के सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *