रांची: होटवार जेल अधीक्षक पर महिला कैदी को गर्भवती करने का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने की जांच की मांग

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने होटवार जेल में पदस्थापित जेल अधीक्षक पर जेल में बंद महिला बंदी के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। आरोप है कि महिला को गर्भवती कर दिया गया है।

बाबूलाल मरांडी ने अपने एक्स पर भी इस मामले में पोस्ट किया है। हालांकि महिला बंदी कौन है अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस मामले में जेल अधीक्षक और जेल आईजी सुदर्शन मंडल से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

एसएमएस से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन जेल आईजी का कोई जवाब नहीं आया। बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

बाबूलाल ने दावा किया है कि पीड़िता को बीमारी और इलाज के बहाने गुप्त स्थानों तथा अस्पतालों में ले जाकर गर्भ और फॉरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल आईजी इस पूरे मामले को दबाने, फाइलों को गायब करने और संबंधित अधिकारियों को संरक्षण देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

गवाह कर्मियों का तबादला कर किया गया चुप

मरांडी ने यह भी कहा कि मामले से जुड़े गवाह कर्मियों का तबादला कर उन्हें चुप कराने की कोशिश की जा रही है। बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय से मामले का संज्ञान लेकर झारखंड की जेलों में महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

इस मामले में खेलगांव थानेदार और रांची पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं है। थाना में किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। जिस महिला के साथ घटना होने की बात सामने आ रही है उसपर चर्चा रहा कि वह 28 अप्रैल को जांच के लिए सदर अस्पताल गई थी।

रजिस्टर देखने के बाद सच आएगा सामने

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक विमलेश कुमार का कहना है कि 28 अप्रैल को महिला अस्पताल में आई थी या नहीं यह रजिस्टर देखने के बाद पता चलेगा। सोमवार रजिस्टर देखकर इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *