सोने-चांदी का कारोबार छोड़ चाय-पकौड़े बेचने लगे चेंबर अध्यक्ष; बताया क्‍यों ल‍िया यह फैसला?

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और जमीनी रोजगार के आह्वान का असर दिखने लगा है।

रोहतास जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष एवं स्वर्ण व्यवसायी सच्चिदानंद प्रसाद ने एक अनोखी पहल की है। पाली रोड स्थित ‘श्री लक्ष्मी ज्वैलर्स’ को स्वेच्छा से बंद कर उसकी जगह चाय-पकौड़े की दुकान की शुरुआत की।

शनिवार शाम पांच बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों के लोगों की भीड़ जुटी। नई दुकान का उद्घाटन शशि कुमारी और पूर्व राजद प्रत्याशी गुड्डू चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर रोहतास जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े कई पदाधिकारी और स्थानीय व्यवसायी मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल को श्रम के सम्मान और आत्मनिर्भरता के संदेश से जोड़ते हुए सराहा।

‘कोई काम छोटा या बड़ा नहीं’

सच्चिदानंद प्रसाद ने कहा कि यह केवल दुकान बदलने का मामला नहीं है, बल्कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास है कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब लोग हर प्रकार के कार्य को सम्मान की दृष्टि से देखेंगे।

उन्होंने कहा कि यह पहल रोहतास जिले की एकता, सादगी और श्रम संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने जिले के लोगों से इस प्रयास को समर्थन देने और आत्मनिर्भरता के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की।

उद्घाटन के बाद उमड़ी भीड़

दुकान खुलते ही चाय, गर्म पकौड़े, समोसे और ठंडे पेय का स्वाद लेने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पाली रोड पर हुआ यह अनूठा प्रयोग पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कई लोग इसे व्यापारिक जगत में एक नई सोच और बदलाव की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।

आर्थिक नीतियों पर उठे सवाल

उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व राजद प्रत्याशी गुड्डू चंद्रवंशी ने मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक दबाव बढ़ रहा है और छोटे व्यवसायी कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। उनके अनुसार कई दुकानदार मजबूरी में अपना पारंपरिक कारोबार छोड़ छोटे व्यवसाय करने को विवश हो रहे हैं।

वहीं, मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने कहा कि सर्राफा कारोबार पर असर डालने वाले फैसलों से स्वर्ण व्यवसायियों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

उन्होंने सरकार से ऐसे कदमों पर पुनर्विचार करने की मांग की, जिससे छोटे व्यापारियों को राहत मिल सके। मौके पर धनंजय यादव, प्रमोद कुमार सिंह समेत कई स्थानीय लोग और व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *