LSG vs CSK: अंशुल कम्बोज ने एक ही मैच में लगा दी शर्मनाक रिकॉर्ड्स की झड़ी, करियर पर लग गए दाग ही दाग

5.3kViews
1788 Shares

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को अपने घर में चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया। इस हार के बाद उसके प्लेऑफ में जाने की राह मुश्किल हो गई है। चेन्नई की हार में एक बड़ा रोल निभाया उसके तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज ने। अंशुल ने इस मैच में ऐसे-ऐसे रिकॉर्ड अपने खाते में डाले हैं जो कोई भी गेंदबाज कभी भी अपने जीवन में नहीं चाहेगा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा की दमदार पारी के दम पर पांच विकेट खोकर 187 रन बनाए। कार्तिक ने इस मैच में 42 गेंदों पर 71 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के मारे। शिवम दुबे ने भी 16 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 32 रनों की पारी खेली।

कंबोज ने लुटाए रन

लखनऊ ने टारगेट 16.4 ओवरों में हासिल कर लिया। 17वां ओवर फेंकने आए कम्बोज ने इस ओवर में चार गेंदें ही फेंकी और चारों पर छक्का खाकर लखनऊ को जीत दिला दी। कम्बोज की गेंदों पर ये चार लगातार छक्के मारे निकोलस पूरन ने। इसी के साथ कम्बोज आईपीएल में एक ओवर में चार लगातार छक्के खाने का कारनामा दो बार करने वाले अभी तक इकलौते गेंदबाज बन गए हैं।

कम्बोज ने इस मैच में कुल 14 गेंदें फेंकी जिसमें से 11 पर उन्होंने चौके-छक्के खाए। इस मैच में कम्बोज ने कुल आठ छक्के खाए और इसी के साथ वह आईपीएल के एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के खाने के मामले में यश दयाल के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं। यश दयाल ने साल 2023 में कोलकाता के खिलाफ आठ छक्के खाए थे। ये वही मैच है जिसमें रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में यश की गेंदों पर लगातार पांच छक्के मार कोलकाता को अप्रत्याशित जीत दिलाई थी।

बन गए नंबर-2

कम्बोज ने इस मैच में 2.4 ओवर गेंदबाजी की और 63 रन दिए जबकि उनके खाते में एक भी विकेट नहीं आया। वह आईपीएल के एक मैच में तीन या उससे कम ओवर करने के बाद 60 से ज्यादा खर्च करने वाले दूसरे ही गेंदबाज हैं। उनसे पहले चेन्नई के ही खलील अहमद ने पिछले साल बेंगलुरू में बिना विकेट लिए 65 रन दिए थे।

वहीं कम्बोज आईपीएल में चेन्नई की तरफ से एक मैच में सबसे ज्यादा रन खर्च करने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। पहले नंबर पर खलील हैं जिन्होंने 2025 में आरसीबी के खिलाफ तीन ओवरों में 65 रन दिए थे। तीसरे नंबर पर लुंगी एंगिडी है जिन्होंने साल 2021 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार ओवरों में 62 रन दिए थे। एंगिडी इस साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *