ओडिशा के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, स्टॉक खत्म होने से थमे गाड़ियों के पहिये

कटक से भुवनेश्वर, मालकानगिरि से लेकर सुवर्णपुर तक… राज्य के कई जिलों में अब तेल संकट गहराता नजर आ रहा है।कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो चुका है, जबकि जहां तेल उपलब्ध है वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

भुवनेश्वर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई है, जो सड़क तक फैल गई है। स्थिति ऐसी हो गई है कि कई जगहों पर ट्रैफिक जाम लग रहा है।

पंपों पर तेल नहीं मिलने से लोग परेशान

सुवर्णपुर जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म हो जाने के कारण जिन पंपों पर डीजल उपलब्ध है वहां भारी भीड़ देखी जा रही है। बाहर से आने वाले मालवाहक वाहन भी कई पंपों पर तेल नहीं मिलने से परेशान हैं और जहां तेल उपलब्ध है वहां घंटों इंतजार करने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।

जिले में इस समय धान कटाई का मौसम नजदीक होने के कारण लोग ट्रैक्टर और धान काटने वाली मशीनों के लिए बोतलों और बड़े प्लास्टिक जारों में डीजल भरवाते नजर आ रहे हैं।

रोजमर्रा के कामों के लिए भी नहीं कर पा रहे यात्रा

कंधमाल जिले के जी. उदयगिरि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेट्रोल और डीजल की कमी के कारण आम लोगों में चिंता और असंतोष बढ़ गया है। खासकर बाइक, ऑटो, कार और बस चालक ईंधन नहीं मिलने से परेशान हैं। कई लोग रोजमर्रा के कामों के लिए यात्रा नहीं कर पा रहे हैं, वहीं कर्मचारी और व्यापारी भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

ऑटो स्टैंड पर वाहन खड़े दिखाई दे रहे

जानकारी के अनुसार, जी. उदयगिरि के दो प्रमुख पेट्रोल पंप नायरा और हिंदुस्तान पेट्रोलियम में पेट्रोल और डीजल का स्टॉक खत्म हो चुका है। इसके चलते वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। कई लोग पेट्रोल पंप पहुंचकर खाली हाथ लौट रहे हैं।

कुछ लोग ईंधन के लिए आसपास के इलाकों का रुख कर रहे हैं, जबकि कुछ ने अपने वाहन खड़े कर दिए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित ऑटो और बस चालक हुए हैं। यात्रियों के परिवहन पर निर्भर इन चालकों की रोजी-रोटी लगभग ठप पड़ गई है। कई ऑटो स्टैंड पर वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं। कुछ रूटों पर बस सेवा भी प्रभावित हुई है।

बोतलों में पेट्रोल बेचकर लोगों से अधिक कीमत वसूल रहे

इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ खुदरा विक्रेता बोतलों में पेट्रोल बेचकर लोगों से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। आरोप है कि सामान्य दर से ज्यादा कीमत पर पेट्रोल बेचा जा रहा है। कई जगहों पर प्रति लीटर अधिक दाम लेने की बातें सामने आई हैं।

पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य करने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर ईंधन की आपूर्ति नहीं होने और पर्याप्त भंडारण नहीं होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। यदि आने वाले कुछ दिनों में हालात नहीं सुधरे तो आम जनजीवन और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो सकती है।

लोगों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द कदम उठाकर जी. उदयगिरि में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है। कई यात्री वाहन बंद होने की भी खबर है।

ज्यादा तेल खरीदने के कारण अस्थायी संकट

पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर उत्कल पेट्रोलियम डीलर्स संघ के महासचिव संजय लाठ ने कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा जरूरत से ज्यादा तेल खरीदने के कारण अस्थायी संकट पैदा हुआ है।

उन्होंने कहा कि थोड़ा समय दिए जाने पर सभी पेट्रोल पंपों तक तेल पहुंच जाएगा।हालांकि सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी स्थिति पैदा क्यों हुई? क्या कंपनियों, सरकार और डीलरों के बीच समन्वय की कमी रही? आखिर असली जिम्मेदार कौन है—सरकार, कंपनियां या फिर लोग खुद? इधर डीलर्स संघ ने राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है।

तेल की बिक्री में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी

उनका कहना है कि यह संकट आपूर्ति में कमी के कारण नहीं बल्कि लोगों द्वारा डर के कारण जरूरत से ज्यादा तेल खरीदने की वजह से पैदा हुआ है। पिछले तीन दिनों में तेल की बिक्री में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *