मई की शुरुआत के साथ मौसम में आई नरमी अब खत्म होने जा रही है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई थी, लेकिन अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है।
भीषण गर्मी करेगी परेशान
मौसम विभाग ने रविवार यानी 10 मई से तापमान में तेजी से वृद्धि के संकेत दिए हैं। अनुमान है कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
शुष्क व गर्म हवाओं का बढ़ेगा प्रभाव
9 मई को शहर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। आज 10 मई की सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की गई, जबकि दिन में तेज धूप खिली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण कुछ दिनों तक तापमान नियंत्रित रहा, लेकिन अब शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगेगा।
3-4 दिनों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है
मौसव विशेषज्ञों के अनुसार आज से अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। अगले तीन से चार दिनों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना है। राहत की बात यह है कि न्यूनतम तापमान में अधिक वृद्धि होने की संभावना नहीं है। इसके चलते रात का मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक बना रह सकता है।
बारिश के संकेत नहीं
दिन में जहां तेज गर्मी और तपिश महसूस होगी, वहीं रात के समय हल्की राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल बारिश के कोई खास संकेत नहीं हैं, इसलिए गर्मी का असर लगातार बढ़ सकता है।


