मुंह में ठूंसा गया नोटों का बंडल, जीभ पर काटने के निशान… हैदराबाद में रिटायर्ड IPS अधिकारी की पत्नी के हत्याकांड में खुलासा

5.6kViews
1416 Shares

 आंध्र प्रदेश कैडर के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी विनय रंजन राय की पत्नी शुक्रवार सुबह जुबली हिल्स के पॉश इलाके प्रशासन नगर में अपने घर पर मृत पाई गईं। 62 वर्षीय तनुजा रंजन की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस को शक है कि नेपाल की एक घरेलू सहायिका ने इस अपराध की साजिश रची और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। वह एक साल से ज्यादा समय से परिवार के लिए काम कर रही थी।

किसी काम से बेंगलुरु गए थे राय

1986 बैच के आईपीएस अधिकारी राय 2019 में जेल विभाग के डीजी के पद से रिटायर हुए थे। उनका परिवार प्रशासन नगर में प्लॉट नंबर 46, स्ट्रीट नंबर 7 पर स्थित अपने तीन मंजिला घर की पहली और दूसरी मंजिल पर रहता है। ग्राउंड फ्लोर दूसरे परिवार को किराए पर दिया हुआ था। राय करीब एक हफ्ता पहले किसी निजी काम से बेंगलुरु गए थे, जबकि उनकी पत्नी तनुजा और उनकी दो बेटियां घर पर ही थीं।

गुरुवार रात को तनुजा पहली मंजिल पर अपने बेडरूम में सोने चली गईं, जबकि बेटियां दूसरी मंजिल पर अलग-अलग कमरों में सोईं। शुक्रवार सुबह करीब 9.15 बजे एक और घरेलू सहायिका ने बार-बार दरवाजे की घंटी बजाई। उनकी एक बेटी सुनंदा नीचे आई और दरवाजा खोला।

मुंह में ठूंसा हुआ था नोटों का बंडल

जब नौकरानी कल्पना कहीं नहीं मिली तो सुनंदा अपनी मां के बेडरूम में गई और उन्हें जमीन पर बेहोश पड़ा पाया। उनके मुंह में नोटों का बंडल ठूंसा हुआ था और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। एक जांचकर्ता ने बताया कि तनुजा को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या में नेपाली गिरोह होने का शक

मेडिकल जांच रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित के होठों पर कई खरोंचें, कलाई पर रस्सी के निशान और जीभ की नोक पर काटने का निशान पाया गया। पुलिस को रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी की पत्नी की हत्या में किसी नेपाली गिरोह के शामिल होने का शक है। शहर के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने बताया कि हत्या करीब 2 बजे रात में होने का शक है। उन्होंने बताया, “हमलावरों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।”

सज्जनार ने बताया कि घरेलू नौकरानी को शुरू में राय की मां की देखभाल के लिए रखा गया था, लेकिन बाद में उसने घर के कामकाज की जिम्मेदारी भी संभाल ली। उन्होंने कहा, “कल्पना उसी घर में परिवार के साथ रहती थी और परिवार के सदस्यों की हरकतों पर नजर रखती थी। उसने हत्या की योजना बनाई और गैंग को घर में घुसने में मदद की। घटना के बाद से वह लापता है।”

जांचकर्ताओं को शक है कि कल्पना के अलावा, तीन और अज्ञात लोगों ने इस अपराध में हिस्सा लिया था। आरोपियों के बारे में कहा जा रहा है कि वे एक बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें चोरी का कीमती सामान होने का शक है।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया कि हत्या के संदिग्ध जुबली हिल्स से नामपल्ली रेलवे स्टेशन तक ऑटो-रिक्शा से गए थे। जांचकर्ताओं को शक है कि आरोपी तेलंगाना एक्सप्रेस में सवार होकर नागपुर की तरफ फरार हो गए।

शुरुआती जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि तनुजा ने रात करीब 11:30 बजे तक अपनी बेटियों के साथ समय बिताया था, जिसके बाद बेटियां ऊपर दूसरी मंजिल पर चली गईं।

जांचकर्ताओं ने बताया कि बेटियां सुबह करीब 3 बजे तक जागती रहीं, लेकिन उन्हें किसी भी तरह की गड़बड़ी की आवाज नहीं सुनाई दी। परिवार के ड्राइवर सुरेश ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन अज्ञात लोग रात करीब 1 बजे मुख्य गेट से बंगले में घुसते हुए दिखे। वे रात 2 बजे से 2.30 बजे के बीच बाहर निकले।

उसने कहा, “उन्होंने मास्क नहीं पहने थे। बाहर निकलते समय, उनमें से दो के हाथों में लोहे की रॉड थी और एक के हाथ में एक बैग था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *