सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान में 30 किलो 200 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस ने हेरोइन की खेप लेकर मोटरसाइकिल पर जा रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित फाजिल्का जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव वले शाह उत्ताड़ फाजिल्का और मनप्रीत सिंह निवासी गांव नवान हस्ता, फाजिल्का के रूप में हुई है।
शतीरवाला के पास दबोचे दोनों आरोपित
पुलिस के अनुसार सीआई फिरोजपुर की टीम को नशा तस्करी संबंधी विशेष सूचना मिली थी। इसके बाद सीआई टीम ने बीएसएफ फाजिल्का के साथ मिलकर फाजिल्का में हिंदूमलकोट रोड पर गांव शतीरवाला के पास संयुक्त अभियान चलाया।
इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 किलो 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह के अनुसार, बरामद हेरोइन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
कहां से आई खेप, किसे होनी थी सप्लाई?
पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप आरोपितों तक कैसे पहुंची और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। जांच अधिकारी सीमा पार बैठे तस्करों से लेकर स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं।
पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई लाइन, सीमा पार हैंडलरों और आगे की डिलीवरी लेने वाले लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
मामले में थाना स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
30 किलो 200 ग्राम हेरोइन की बरामदगी को सीमा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब जांच का मुख्य बिंदु बरामद खेप के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

