क्या आपने कभी खाई है कच्चे केले की टिक्की? स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का करेगा मन, नोट करें रेसिपी
भारतीय रसोई में कच्चे केले का इस्तेमाल सदियों से होता आ रहा है। यह न केवल सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि इससे बनने वाले व्यंजन स्वाद में भी लाजवाब होते हैं।
अगर आप आलू की टिक्की से कुछ अलग, कुरकुरा और सेहतमंद नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो कच्चे केले की टिक्की एक बेहतरीन ऑप्शन है। आइए जानें इसे घर पर बनाने की सबसे आसान रेसिपी।
कच्चे केले की टिक्की रेसिपी बनाने के लिए सामग्री:
- कच्चे केले- 3 से 4
- उबला हुआ आलू- 1
- हरी मिर्च- 2
- अदरक- 1 इंच का टुकड़ा
- हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच
- भुना जीरा पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- अमचूर पाउडर या नींबू का रस- 1 छोटी चम्मच
- गरम मसाला पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
- सिंघाड़े का आटा- 2 बड़े चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- तेल या घी- शैलो फ्राई के लिए
कच्चे केले की टिक्की रेसिपी बनाने की विधि:
सबसे पहले कच्चे केलों को धोकर दोनों सिरों से थोड़ा काट लें और कुकर में एक कप पानी और थोड़ा नमक डालकर 2 से 3 सीटी आने तक उबलने दें।
अब गैस बंद करें और कुकर का प्रेशर निकलने दें। इसके बाद केलों को निकालकर ठंडा होने दें और इनके छिलके उतार लें।
अब इन्हें एक बड़े बर्तन में कद्दूकस कर लें और मैशर की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि कोई गुठली न रहे।
अब मैश किए हुए केले में हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, भुना जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें। इसके बाद बाइंडिंग के लिए सिंघाड़े का आटा मिलाएं और एक सख्त आटे की तरह गूंध लें।
इसके बाद अपने हाथों पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं और मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लें और उन्हें गोल घुमाकर हथेली से चपटा करके टिक्की का आकार दें।
अब एक नॉन-स्टिक तवे या पैन में 2 से 3 चम्मच तेल या घी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। जब तवा गर्म हो जाए, तो उस पर टिक्कियों को रखें।
टिक्कियों को मध्यम-धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट तक एक तरफ से सुनहरा होने तक सिकने दें। फिर चम्मच की मदद से पलटें और दूसरी तरफ से भी कुरकुरा और सुनहरा होने तक सेक लें।
गरमा-गरम और क्रिस्पी कच्चे केले की टिक्की तैयार है। इसे हरे धनिए-पुदीने की चटनी, खट्टी-मीठी इमली की चटनी या टोमैटो केचप के साथ परोसें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

