मलयालम अभिनेता संतोष नायर (Santosh Nair) का सड़क दुर्घटना के बाद निधन हो गया। यह घटना पतनमथिट्टा के एनाथु में हुई। जिस कार में वे यात्रा कर रहे थे, वह एक लॉरी से टकरा गई।
ईलाज के दौरान आया हार्ट अटैक
इस दुर्घटना में उनकी पत्नी, शुभाश्री भी घायल हो गईं। इलाज के दौरान अभिनेता को दिल का दौरा पड़ा। बाद में उनकी हालत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, लॉरी चालक को भी चोटें आई हैं।
संतोष नायर का करियर 1982 में शुरू हुआ, उन्होंने फिल्म ‘इथु नंगलुदे कथा’ से सिनेमा जगत में कदम रखा। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और लीड किरदार के साथ-साथ विलेन, साइड कैरेक्टर और कॉमेडी किरदार भी निभाए।
नाना नानी के साथ रहे थे संतोष
12 नवंबर, 1960 को तिरुवनंतपुरम में जन्मे संतोष केशवन नायर (Santosh K Nair) एक सुशिक्षित परिवार में पले-बढ़े। उनके पिता, सी. एन. केशवन नायर, एक रिटायर्ड प्रिंसिपल थे। उनकी मां, पी. राजलक्ष्मीअम्मा, एक रिटायर्ड शिक्षिका थीं। उन्होंने अपने शुरुआती साल अपनी दो बहनों के साथ पेट्टा में बिताए। जब उनके माता-पिता इथियोपिया चले गए, तो उनका पालन-पोषण उनके नाना-नानी ने किया। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की।
आखिरी फिल्म है ‘मोहिनीअट्टम’
बाद में, उन्होंने महात्मा गांधी कॉलेज से गणित में उच्च शिक्षा प्राप्त की। अपने कॉलेज के दिनों में, वे पॉलिटिक्स में सक्रिय रूप से शामिल थे। जहां उनकी बहनें स्त्री रोग विशेषज्ञ बनीं, वहीं उन्होंने अभिनय को अपने करियर के रूप में चुना। ‘मोहिनीअट्टम’ (Mohiniyattam) उनकी आखिरी फिल्म है जो इस समय सिनेमाघरों में चल रही है। यह फिल्म अब उनकी अंतिम ऑन-स्क्रीन उपस्थिति के रूप में जानी जाएगी।
साईजू कुरुप अभिनीत फिल्म ‘भरतनाट्यम 2: मोहिनीअट्टम’ अपनी डिजिटल रिलीज की तैयारी में है। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी और यह ‘भरतनाट्यम’ (2024) की अगली कड़ी है। यह फिल्म 8 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होना शुरू होगी।


