Hera Pheri के कॉपी राइट्स पर बड़ा बवाल, करोड़ों ऐंठने की रची गई थी साजिश; मामले में दर्ज FIR

अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी स्टारर फिल्म ‘हेरा फेरी’ के निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है। उनकी यह शिकायत ‘हेरा फेरी’ के कॉपीराइट से जुड़ी हुई है। निर्माता का आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर उनके कानूनी अधिकारों पर कब्जा करने की कोशिश की है और साथ ही उनसे करोड़ों रुपये ऐंठने की साजिश रची है। फिरोज नाडियाडवाला के साथ आखिर क्या हुआ है, नीचे विस्तार से पढ़ें पूरा मामला:

हेरा फेरी के निर्माता पर डाला गया था दबाव?

फिरोज नाडियाडवाला ने अपनी शिकायत में बताया कि यह पूरा मामला ‘हेरा फेरी’ से जुड़ा है, जो 1989 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ पर आधारित है। निर्माता ने बताया कि उन्होंने साल 2000 में 4.5 लाख रुपये देकर ‘मेसर्स कॉम्पैक्ट डिस्क इंडिया लिमिटेड’ से ‘हेरा फेरी’ के हिंदी और अन्य भाषाओं में रीमेक बनाने के लिए कानूनी तौर पर राइट्स खरीदे थे, जिसमें दक्षिण भारतीय भाषाएं शामिल नहीं थीं।

शिकायत में उन्होंने आगे कहा कि उसी साल ‘हेरा फेरी’ की रिलीज से 7 दिन पहले कुछ लोगों ने उन पर दबाव डालकर पैसे ऐंठने की कोशिश की। फिरोज ने कहा, “उस समय फिल्म पर काफी पैसा लगा हुआ था, इसलिए बदनामी और नुकसान से बचने के लिए मुझे दबाव में आकर पैसे देने पड़े। जबकि कोर्ट ने मेरे पक्ष में स्टे ऑर्डर भी दिया हुआ था।”

25 साल बाद इस कारण दोबारा उठा यह मामला

निर्माता की शिकायत के मुताबिक, ‘हेरा फेरी’ के कॉपीराइट्स को लेकर 25 साल बाद यह मामला एक बार फिर से इसलिए उठा है, क्योंकि फिरोज नाडियाडवाला ने आरोप लगाया है कि इस फिल्म के ओरिजिनल मेकर्स सिद्दीक-लाल और एम. पॉल माइकल ने यह जानते हुए भी कि फिल्म के राइट्स पहले ही बेचे जा चुके हैं, इसे 12 मई 2022 को 3 लाख रुपये में दोबारा बेच दिया। ये राइट्स गोपाला पिल्लई विजयकुमार को बेचे गए, जो मेसर्स सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मालिक हैं।

फिरोज नाडियाडवाला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोपाला पिल्लई विजयकुमार और एम. पॉल माइकल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4), 356 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

अक्षय कुमार के नाम का इस्तेमाल कर फैलाई गईं झूठी अफवाहें

शिकायत में आगे बताया गया है कि साल 2024 में उन्हें एक लीगल नोटिस मिला था, जिसमें उनकी फिल्म ‘फिर हेरा फेरी’ को गैर-कानूनी बता दिया गया था। नोटिस भेजने वाली पार्टियों ने उनसे 60 लाख रुपये की डिमांड की थी और साथ ही कुल मुनाफे का 25 प्रतिशत भी मांगा था।

नाडियाडवाला ने आरोप लगाया है कि ये पार्टियां उनकी कंपनी की पब्लिक लिस्टिंग प्रक्रिया में रुकावट पैदा कर रही हैं। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल जैसे अभिनेताओं के नाम का इस्तेमाल करके उनके बारे में झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पार्टियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *