रिकॉर्ड आवेदन, पेपर लीक नहीं; फिर भी AEDO एग्जाम कैंसिल, BPSC ने बताया सख्‍त फैसले का कारण

1418 Shares

 बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा ने खूब किरकिरी कराई।

आयोग के इतिहास में अबतक के सबसे अधिक 10 लाख 97 हजार आवेदन वाली परीक्षा में कदचार के मामले में जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की विशेष टीम (SIT) को सौंपी गई।

कई अभ्यर्थियों पर प्राथमिकी हुई। अंत में आयोग ने कहा कि न पेपर लीक हुआ, न प्रसारित। शुचिता और अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए एईडीओ एवं सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा रद कर दी।

746 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा

14 से 21 अप्रैल तक 935 पदों के लिए सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) परीक्षा हुई थी। राज्य के 38 जिलों में स्थित 746 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया।

परीक्षा के दौरान ही पेपर लीक होने एवं इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई। बीपीएससी ने कदाचार के आरोप से इनकार किया।

अंत में जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की विशेष टीम (एसआईटी) को सौंपी गई। आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।

बीते गुरुवार को आयोग के सचिव सत्य प्रकाश शर्मा ने एईडीओ परीक्षा को पारदर्शी व्यवस्था के तहत कराने के लिए चुनी गई एजेंसी ‘साई एजुकेयर’ को आगामी किसी भी परीक्षा में शामिल होने से बाहर कर दिया।

32 के ख‍िलाफ की गई एफआईआर

कदाचार के आरोप में 32 अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी की गई है। आरोपित अभ्यर्थियों को आयोग की आगामी परीक्षाओं में भाग लेने से रोक लगा दी है।

शुक्रवार को अचानक आयोग ने एईडीओ परीक्षा ही रद कर दी। अपनी सफाई में आयोग ने कहा कि परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक होने या प्रसारित होने का साक्ष्य अनुसंधान के क्रम में प्राप्त नहीं हुए।

परीक्षा के किसी भी प्रश्न पत्र के सेट के किसी भी सीरीज का कोई प्रश्न-पत्र प्राप्त नहीं हुआ।

दर्ज की गई प्राथमिकियां, विभिन्न समाचार पत्र/सोशल मीडिया में वायरल किए जा रहे समाचार इत्यादि से उक्त परीक्षा के दौरान कुछ केंदों में परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने की कोशिश की गई।

अभ्यर्थियों के व्यापक हित एवं कदाचारमुक्त तथा पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं को आयोजित करने की आयोग की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए एईडीओ और 23 अप्रैल को संपन्न सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी लिखित परीक्षा रद की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *