खड़ीत नहर पुल के समीप गुरुवार रात साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बुलेट में टक्कर मार दी। आंधी-वर्षा के दौरान हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बुलेट सवार दंपती और उनकी पांच माह की बेटी सड़क पर गिर गए।
मां-बेटी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पिता ने रात में ही उपचार के दौरान सरकारी ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक और टैंकर को कब्जे में लिया है। दंपती चचेरे साले की शादी में शामिल होने एटा जा रहे थे। पीड़ित परिवार में चीख पुकार मची है।
चचेरे साले की शादी में जाते समय हुई घटना
गांव नगला पटिया पाढ़म निवासी 27 वर्षीय अजय कुमार पांच भाई और दो बहनों में सातवें नंबर का था। वह दिल्ली में हलवाई का काम करता था। गुरुवार रात वह पत्नी 25 वर्षीय ओमश्री उर्फ पूजा और पांच माह की बेटी तृषा के साथ ससुराल में चचेरे साले भारत कुमार की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने भटमई अलीगंज, एटा जा रहे थे। खड़ीत नहर पुल के पास वह कार को ओवरटेक करने लगे। इस बीच सामने से आए दूध के टैंकर ने बुलेट में टक्कर मार दी।
दूध के टैंकर ने खड़ीत नहर पुल के समीप बुलेट में मारी थी टक्कर
मां-बेटी की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सरकारी ट्रामा सेंटर भिजवाया। गुरुवार रात एक बजे अजय ने भी दम तोड़ दिया। अजय हेलमेट पहने था। इसके बाद भी उसकी जान नहीं बची। 16 फरवरी 2025 को अजय और ओमश्री की शादी हुई थी।
इंस्पेक्टर राजेश पांडेय ने बताया कि दूध के टैंकर ने बुलेट में टक्कर मारी थी। हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मृत्यु हुई है। टैंकर को पकड़ लिया गया है। चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
पूरे गांव में शाेक का माहौल, घरों में नहीं जले चूल्हे
खड़ीत नहर पुल के समीप गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में दंपती और मासूम बेटी की मृत्यु से स्वजन ही नहीं, पूरे गांव के लोग गमगीन हैं। शुक्रवार को अधिकतर घरों में चूल्हे नहीं जलाए गए। गांव में सन्नाटा पसरने जैसी स्थिति थी। पोस्टमार्टम के बाद शाम को दंपती और मासूम का शव गांव में लाया गया तो सभी ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। दंपती के शव का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। मासूम के शव को दफना दिया गया।


