भाजपा विधायक अरविंद पांडेय पर नामधारी का हमला, कहा- ‘पार्टी चेंज करने की तैयारी में हैं’

1993 Shares

शुक्रवार को देहरादून में गणेश गोदियाल की प्रेस वार्ता में गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडेय के पत्र के सहारे मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए जाने के बाद बाजपुर में सियासी माहौल गर्म हो गया।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता आयोजित कर विधायक पांडेय व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल पर तीखा हमला बोला।

पांडेय के खिलाफ 30 से 35 मुकदमे दर्ज

नामधारी ने आरोप लगाया कि विधायक पांडेय की कांग्रेस से सेटिंग हो चुकी है और वह पार्टी में जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का विधायक होते हुए भी पांडेय लगातार अपनी ही सरकार और पार्टी की आलोचना कर उसे बदनाम करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब गणेश गोदियाल के बयान से यह बात साफ हो गई है कि पांडेय कहीं न कहीं कांग्रेस से जुड़े हुए हैं।

आरोप लगाया कि विधायक ने जैसे “ठेका” ले रखा है कि रोजाना भाजपा और सरकार की छवि खराब करनी है, जिससे पार्टी को नुकसान पहुंच रहा है। नामधारी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से मांग करते हुए कहा कि विधायक पांडेय ने पार्टी और सरकार को बड़ा नुकसान पहुंचाया है, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पांडेय के खिलाफ 30 से 35 मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही उन पर अपने रिश्तेदारों को सरकारी विभागों और चीनी मिलों में नौकरी दिलाने का आरोप भी लगाया।

वहीं, गणेश गोदियाल के एक बयान पर पलटवार करते हुए नामधारी ने कहा कि उनके विरुद्ध बिना तथ्यों के टिप्पणी की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि वह जल्द ही मानहानि का नोटिस भेजेंगे और जवाब मांगेंगे। इस मौके पर सुरेश कंबोज आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *