गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के साथ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज बसों का बेड़ा भी इस रूट पर उतारने के लिए अपना प्रपोजल तैयार कर लिया है। प्रयागराज से मेरठ के लिए हर घंटे एक बस चलाई जाएगी।
प्रतापगढ़ जिले से चार बसें चलेंगी
पहले चरण में प्रयागराज से आठ रोडवेज बसें आवंटित की जा रही है, इनमें चार बसें शहर के सीएमपी डिग्री काॅलेज के सामने से चलेंगी। दो बसों का संचालन प्रतापगढ़ और दो बसों का संचालन लालगंज से होगा। जबकि इसी क्रम मेरठ और हरदोई से भी बसों का प्रपोजल भेजा गया है।
बसों का संयुक्त समय सारिणी जारी करेगा मुख्यालय
अब रोडवेज मुख्यालय सभी बसों की संख्या के आधार पर एक संयुक्त समय सारिणी जारी करेगा, जिसमें दोनों ओर से बसों के संचालन का समय तय हो जाएगा। उदाहरण के तौर पर- लीडर रोड डिपो की बस अगर सुबह छह बजे चलेगी तो मेरठ की सात बजे और हरदोई की आठ बजे….। इसी तरह पूरे 24 घंटे की समय सारिणी लागू की जाएगी।
अगले माह से चलेंगी रोडवेज बसें
यह सभी बीएस-छह वाली नई बसें हैं, जिन्हें अगले महीने सड़क पर उतारा जाएगा। प्रत्येक बस में 52 सीटें हैं। बसों के संचालन शुरू होने पर प्रयागराज से मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, हसनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मेहंदीगंज, रायबरेली, ऊंचाहार आदि की राह नए रूट से आसान और तेज हो जाएगी।
एक सप्ताह में किराया सूची तैयार होगी
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने बसों का किराया तय करने के लिए गुरुवार को सर्वे प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक सप्ताह में किराया सूची तैयार हो जाएगी और मशीनों में किराया फीड कर दिया जाएगा। वर्तमान में मेरठ जाने के लिए लोग अधिकतर सूबेदारगंज से संगम एक्सप्रेस का उपयोग करते हैं, लेकिन कन्फर्म टिकट न मिलने के चलते परेशानी होती है, अब रोडवेज बसें एक नया विकल्प देंगी।
क्या बोले परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक?
परिवहन निगम के प्रयागराज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यालय से जैसे ही बसें चलाने का आदेश प्राप्त होगा, बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।


