अब रांची में हाईटेक ‘नमो स्टाल’: शान से बेच सकेंगे फल-सब्जी, सड़क किनारे ठेला लगाने वालों को रक्षा राज्य मंत्री का तोहफा

रांची में सड़क के किनारे फल और सब्जी बेचने वालों को रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर नमो स्टाल (ठेला) उपलब्ध कराए जाने की योजना है। लगभग 50 हजार की लागत वाला यह मोबाइल स्आल इन्हें निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

स्टाल को इस तरह से डिजाइन कराया गया है कि इसमें पर्याप्त मात्रा में फल और सब्जी को भी स्टाक करके रखा जा सकेगा। रक्षा राज्य मंत्री ने रांची शहर में सड़क के किनारे और गली मोहल्लों में सब्जी फल बेचने वालों के लिए यह पहल की है।

इस पहल में महिला, दिव्यांग जन को प्राथमिकता दी जाएगी। बेंगलुरु और मुंबई जैसे महानगरों की तर्ज पर रांची में भी सब्जी और फल विक्रेताओं का व्यवसाय चले और सड़कों पर ट्रैफिक अव्यवस्थित नहीं हो, इस उद्देश्य से यह पहल की गई है। कल शाम चार बजे से नमो स्टाल वितरण का शुभारंभ किया जाएगा।

इस बाबत रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि रेहड़ी-पटरी वाले केवल हमारे शहर ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। इन्हें सशक्त करना, देश की आर्थिक मजबूती को सुनिश्चित करना है।

स्टाल निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से रांची लोकसभा क्षेत्र में फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए नमो स्टाल (ठेला) वितरण योजना की शुरुआत की जा रही है। मेरी पहल पर इन परिश्रमी छोटे व्यवसायियों को यह स्टाल निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वो अपने मोहल्ले में घूम-घूम कर अपने व्यवसाय को गति दे सकें।

स्वच्छ रांची – समृद्ध रांची की दिशा में यह पहल बहुत ही सहयोगी सिद्ध होगी। कल से इस जनहितकारी पहल का शुभारंभ होने जा रहा है। सेठ ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर अपने छोटे व्यवसायियों को सशक्त बनाने की इस मुहिम का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *