झारखंड के कॉलेजों में होगी AI की पढ़ाई, JCSTI ने तैयार किया रोडमैप

झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई को बढ़ावा दिया जाएगा। विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड काउंसिल ऑन साइंस टेक्नोलाजी एंड इनोवेशन (JCSTI) ने इसे लेकर रोडमैप तैयार किया है।

बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में होने वाली काउंसिल की शासी निकाय की बैठक में इस पर रोडमैप पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री कुछ महत्वपूर्ण निर्देशों के साथ इस पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर सकते हैं। वर्तमान में AI की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए AI को बढ़ावा देने का रोडमैप तैयार किया गया है।

इस बैठक में प्रस्तावित झारखंड छात्र शोध एवं नवाचार नीति, 2026 की भी स्वीकृति मिल सकती है। इस नीति में शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक सहायता से लेकर आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया गया है।

बदला जाएगा नाम

बैठक में काउंसिल के नाम बदलने पर घटनोत्तर स्वीकृति ली जाएगी। पहले काउंसिल का नाम झारखंड काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी था, जिसका नाम बदलकर झारखंड काउंसिल ऑन साइंस टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन किया गया है।

विभाग ने पूर्व में काउंसिल के नाम में इनोवेशन जोड़ने को लेकर निर्णय लेते हुए उसे लागू भी किया था, लेकिन इसपर शासी निकाय की स्वीकृति नहीं ली गई थी। बाद में इसपर शासी निकाय की सहमति लेने का निर्णय लिया गया।

काउंसलिंग का लोगो तैयार

इधर, पहली बार काउंसिल का लोगो तैयार कराया गया है, जिसपर भी शासी निकाय की बैठक में स्वीकृति मिल सकती है। उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित कर यह लोगो तैयार किया गया है।

इस बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन भी लिया जाएगा तथा उसमें लिए गए निर्णयों के अनुपालन की भी समीक्षा की जाएगी।

साथ ही काउंसिल द्वारा पिछले तीन वर्षों की अंकेक्षित वार्षिक रिपोर्ट की भी समीक्षा होगी। राज्य में विज्ञान एवं तकनीक तथा नवाचार को बढ़ावा देने के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *