सिंगरौली। जिले में पुलिस विभाग के लिए गर्व का क्षण उस समय देखने को मिला, जब उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए निरीक्षक लाल प्रमोद सिंह को केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त पदक से सम्मानित किया गया। मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को आयोजित एक गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने निरीक्षक लाल प्रमोद सिंह को विधिवत पदक पहनाकर सम्मानित किया।
यह सम्मान उन्हें पुलिस विभाग में उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां न केवल व्यक्तिगत गौरव का विषय होती हैं, बल्कि पूरे विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर अनिल कुमार पटेल तथा रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अधिकारियों ने निरीक्षक लाल प्रमोद सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्यों को सराहनीय बताया। साथ ही सभी पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस विभाग ने इस सम्मान को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विभाग की कार्यक्षमता और जनविश्वास को और अधिक मजबूत करती हैं।


