‘टीएमसी का फॉर्मूला- झूठ बोलो और गाली दो’, बंगाल की रैली में पीएम मोदी ने बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि बीते समय में बिहार ने कमल खिलाया है, ओडिशा ने कमल खिलाया है और अब बंगाल की बारी है। यहां मैं जो माहौल देख रहा हूं, बंगाल में भी कमल खिलना तय है।बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन कोलकाता से सटे उतर 24 परगना जिले के बैरकपुर के पास कांकीनाड़ा में अपनी आखिरी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह बंगाल के साथ-साथ पूर्वी भारत का भाग्य बदलने का चुनाव है।

अतीत में जब भारत समृद्ध था, उस समय इसके तीन मजबूत स्तंभ थे अंग, बंग और कलिंग यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा। आज भारत विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है तो इसके लिए अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना जरूरी है। यहां मैं जो माहौल देख रहा हूं, बंगाल में भी कमल खिलना तय है।

अंग-बंग-कलिंग यानी त्रिशक्ति का भरोसा भाजपा पर है। मोदी ने कहा कि बंगाल में मैं जहां-जहां गया हूं, वहां लोगों के मिजाज को देखकर मैं कह सकता हूं कि चार मई के नतीजों के बाद भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे आना ही है।

‘आप ही मेरा परिवार हैं’

मोदी ने यह भी कहा कि जब से मैंने घर छोड़ा है, मुझे आप सभी के बीच रहने में सुख मिलता है और आप ही मेरा परिवार हैं। मैं पिछले 3-4 दशकों से देश के कोने-कोने में जाता रहा हूं। राजनीति व भाजपा में आने के बाद, एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो भी काम कहती है, वो मैं करता हूं। चुनाव की जिम्मेदारियां संभालना भी इसी का हिस्सा रहा है। मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं, चल पड़ता हूं।

टीएमसी सरकार पर बरसते हुए मोदी ने कहा कि बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, बंगाल के सामने उपस्थित एक विराट चुनौती से बचाना यह मेरे भाग्य में भी है और मेरा दायित्व भी है। इस दायित्व से मैं पीछे नहीं हटूंगा। पीएम ने कहा कि वंदे मातरम्, गुलामी से मुक्ति का मंत्र बना था। 21वीं सदी में वंदे मातरम् को हमें बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बनाना है।

मोदी ने कहा कि जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था तब मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था। इस चुनाव में मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी किसी देवी मंदिर के दर्शन के समय होती है। इसके पीछे बंगाल के प्रति मेरा लगाव है।

टीएमसी के सिंडिकेट की फैक्ट्रियों का विस्तार हो रहा है

मोदी ने कहा कि इस चुनाव में टीएससी के नेताओं ने एक बार भी मां, माटी और मानुष का नाम तक नहीं लिया है। जिस नारे के साथ टीएमसी ने बंगाल में सरकार बनाई थी, इन्होंने वह नारा भुला दिया है। इन्होंने नारी की सुरक्षा और किसानों के लिए कुछ नहीं किया।

टीएमसी का फार्मूला है झूठ बोलो और गालियां दो। टीएमसी के पास बंगाल के भविष्य का रोड मैप नहीं है। यहां सिर्फ टीएमसी के सिंडिकेट की फैक्ट्रियों का विस्तार हो रहा है। टीएमसी के महा-जंगलराज को हराना ही होगा।

भाजपा जनता जनार्दन और कानून का राज लाएगी

पीएम ने भरोसा दिलाया कि भाजपा यहां जनता जनार्दन व कानून का राज लाएगी। उन्होंने कहा- आप यहां भाजपा का मुख्यमंत्री बनाइए और डबल इंजन का डबल लाभ पाइए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *